Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 02, 2013 - 15:00:54 PM


Title - दिल्ली से अलवर तक दौड़ेगी मेट्रो, जानिए और किन शहरों को होगा फायदा
Posted by : eabhi200k on Aug 02, 2013 - 15:00:54 PM

दिल्ली से रेवाड़ी, भिवाड़ी- अलवर के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के तहत मेट्रो ट्रेन रूट पांच साल में बनकर तैयार हो जाएगा। गुरुवार को दिल्ली के निर्माण भवन में इस संबंध में कंपनी गठन के लिए दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की राज्य सरकारों, केंद्र सरकार और रेलवे के अधिकारियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।



राजस्थान सरकार की ओर से मुख्य सचिव सीके मैथ्यू ने साइन किए। अब एनसीआर ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन कंपनी का गठन होगा, जो आठ रेल गलियारों का निर्माण करेगी। इसके पहले चरण में दिल्ली-अलवर (180 किमी), दिल्ली-पानीपत (111 किमी) और दिल्ली-मेरठ (90 किमी) मेट्रो ट्रैक का निर्माण कार्य पांच साल में पूरा करेगी।



मुख्य सचिव सी.के. मैथ्यू ने बताया कि दिल्ली-अलवर रूट में 141 किमी एलिवेटेड और 39 किमी अंडरग्राउंड होगा। इसके लिए ज्यादा जमीन अधिगृहीत करने की जरूरत नहीं होगी।




10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में मेट्रो

एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में केंद्र सरकार के अधिकारियों ने चारों राज्य सरकारों को कहा कि वे राज्यों के 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के सिटी ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मजबूत करें। वे ऐसे शहरों के लिए मेट्रो प्रोजेक्ट लाने की संभावनाएं तलाशें।



एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद एसीएस जी.एस. संधु ने बताया कि केंद्र सरकार ने पहली बार इतने बड़े प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी है। बैठक में रेल बोर्ड के अध्यक्ष अरुणेंद्र कुमार, एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की सदस्य सचिव नैनी जयासेलन, डीएमआरसी के एमडी मंगू सिंह, नगरीय विकास विभाग के एसीएस जी.एस. संधु भी मौजूद थे।