Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 06, 2013 - 17:59:48 PM


Title - देश का नाम रोशन कर रहे रेलवे के खिलाड़ी : खड़गे
Posted by : puneetmafia on Aug 06, 2013 - 17:59:48 PM

रेलमंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार शाम जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रेलवे स्पो‌र्ट्स प्रोमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) की ओर से आयोजित 79 वें रेलवे एथलेटिक चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेलवे खेल को बढ़ावा देने, प्रतिभावान खिलाड़ियों की भर्ती करने व खिलाड़ियों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि रेलवे के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश का नाम रोशन कर रहे हैं। सुशील कुमार, पीटी उषा, एमडी बालसम्मा, सुष्मिता सिंह, पदमिनी व कृष्णा पूनिया जैसे खिलाड़ी न सिर्फ रेलवे के, बल्कि देश भर के खिलाड़ियों व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने खेल को बढ़ावा देने में 1928 में गठित आरएसपीबी की भूमिका की सराहना की।
उन्होंने पिछले वर्ष फ्रांस में आयोजित व‌र्ल्ड पारालंपिक चैंपियनशिप में जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने वाले साउथ-ईस्ट सेंट्रल रेलवे के खिलाड़ी देवेंद्र कुमार झाझारिया को पांच लाख रुपये नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अरुणेंद्र कुमार ने कहा कि रेलमंत्री खड़गे खुद हॉकी के खिलाड़ी रह चुके हैं। इसलिए उनकी उपस्थिति से रेलवे खिलाड़ी व खेल जगत से जुड़े लोग विशेष उत्साहित हैं। आरएसपीबी के अध्यक्ष सुबोध जैन ने कहा कि रेलवे पूरे देश से प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे लाने में मुख्य भूमिका निभा रहा है। 5 से 7 अगस्त तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में कृष्णा पूनिया, सुधा सिंह, टिंटू लुका, रंजीत महेश्वरी, जोसेफ अब्राहम, राजेंद्र कुमार जैसे प्रसिद्ध खिलाड़ी आकर्षण के केंद्र रहेंगे। इस चैंपियनशिप में विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में 23 टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। सोमवार को पहले दिन भी कई मुकाबले हुए। इसके साथ ही उद्घाटन समारोह में कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी व खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद थे।