Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on May 23, 2013 - 21:01:12 PM


Title - नीलांचल का प्लेटफार्म बदलने पर मची भगदड़
Posted by : ConfirmTicket on May 23, 2013 - 21:01:12 PM

कई यात्रियों को आई चोटें

प्रतापगढ़ : नीलांचल एक्सप्रेस का अचानक प्लेटफार्म बदलने से जंक्शन पर भगदड़ मच गई। देखते ही देखते यात्री सीधे ट्रैक से ही लाइन पार करने लगे। कुछ फुट ओवर ब्रिज की ओर से जाने लगे। इस दौरान कई यात्रियों को चोटें भी आई।

बताते चलें कि नीलांचल एक्सप्रेस प्रतापगढ़ जंक्शन पर मात्र पांच मिनट रुकती है। बुधवार को सुबह नीलांचल एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर एक पर आने की सूचना प्रसारित की गई। सभी यात्री प्लेटफार्म पर इकट्ठा हो गए। जब ट्रेन आने में कुछ ही समय शेष रह गए तो उसके दूसरे प्लेटफार्म पर आने की सूचना यात्रियों को दी गई। प्लेटफार्म नंबर एक पर मालगाड़ी आने की सूचना प्रसारित की गई।

जब प्लेटफार्म बदलने की सूचना यात्रियों को मिली तो वे जल्द से जल्द बदले हुए प्लेटफार्म पर पहुंचने के चक्कर में भागने लगे। इससे वहां भगदड़ मच गई। लोग एक दूसरे पर गिर पड़े। इसे देख यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और कहा कि जिस प्लेटफार्म पर ट्रेन आनी हो, उसकी सूचना काफी पहले ही दी जानी चाहिए। कुछ यात्री तो सीधे ट्रैक से ही संबंधित प्लेटफार्म पर जाने लगे। भगदड़ में कई यात्रियों को चोटें भी आई। ट्रेन आने के बाद ही सब कुछ सामान्य हो सका।

---------

पार्सल रोक रहे रास्ता

प्रतापगढ़ : रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बड़े-बड़े पार्सल यात्रियों के लिए मुसीबत बने रहे। उनको आने जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी।

बुधवार को कई दर्जन पार्सल प्लेटफार्म नंबर एक पर रास्ते में रख दिए गए थे। इससे जहां फुटओवर ब्रिज का रास्ता ब्लाक हो गया, वहीं यात्रियों के आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से शाम तक यह पार्सल वहीं पड़े रहे। प्लेटफार्म बदलने पर यात्रियों को ओवरब्रिज से जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।