Indian Railways News => Topic started by Mafia on Mar 27, 2013 - 12:00:57 PM


Title - परिचालन के साथ ही रच गया इतिहास
Posted by : Mafia on Mar 27, 2013 - 12:00:57 PM

लंबे इंतजार के बाद सीतामढ़ी - मुजफ्फरपुर के बीच मंगलवार को पटरी पर जैसे ही ट्रेन दौड़ी न केवल लोगों की चिर परिचित मांग पूरी हो गई। बल्कि इस रेलखंड पर परिचालन के साथ ही एक इतिहास बन गया। सीतामढ़ी का संपर्क रेलमार्ग के जरिए न केवल मुजफ्फरपुर बल्कि देश की राजधानी दिल्ली व अन्य महानगरों से बहाल हो गया। साथ ही सीतामढ़ी का आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक व व्यापारिक विस्तार की बुनियाद बन गई। हालांकि परिचालन शुरू होने से पहले जो कुछ हुआ वह निश्चित रूप से दुर्भाग्यपूर्ण रहा। एक ऐसी परियोजना जो दशकों से धूल फांक रहीं थी। पिछले 43 सालों से महज सपना था, जिसके पूरा कराने के केवल वादे होते रहे, उस सपने के सच में साकार होने से ठीक पहले हुल्लड़बाजी, रोड़ेबाजी, नारेबाजी और आक्रोश यह साबित करता है कि भीड़ की आड़ में शामिल लोग न केवल असामाजिक तत्व थे, बल्कि विकास के विरोधी भी। लोगों की जो मांग थी वह बाद में भी पूरी की जा सकती थी या बाद में भी आंदोलन हो सकता था। लेकिन एक शुभ शुरुआत के मौके पर जो कुछ हुआ वह अशुभ संकेत है। परिचालन के मौके पर राजनीति भी जम कर हुई। न केवल विपक्षी दल बल्कि सत्ताधारी दल के नेताओं ने भी अपने समर्थकों के सहारे हंगामें को हवा दी। बहरहाल, आक्रोश की हवा के बीच ही सही, सपनों की ट्रेन चली, और लोगों की उम्मीदें नई रोशनी लेकर आई।

.. सांसद व विधायक को झेलना पड़ा आक्रोश

रून्नीसैदपुर (सीतामढ़ी), निज प्रतिनिधि : मोरसंड गांव स्थित रून्नीसैदपुर रेलवे स्टेशन पर स्थानीय लोगों ने करीब चार घंटे तक ट्रेन को रोककर अपना विरोध जताया। लोगों को मनाने मौके पर पहुंचे सांसद अर्जुन राय व विधायक गुड्डी चौधरी को जबरदस्त विरोध झेलना पड़ा। इन लोगों के विरुद्ध नारेबाजी हुई तथा बैरंग वापस होते सांसद व विधायक के काफिले पर रोडे़बाजी भी हुई। रेल परिचालन के उद्घाटन के लिए निर्धारित कार्यक्रम में एन वक्त पर हुए संशोधन को लेकर यह विरोध प्रदर्शन हुआ। मोरसंड गांव स्थित रून्नीसैदपुर रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन कार्यक्रम पूर्व से निर्धारित था। अचानक न्यू रून्नीसैदपुर स्टेशन निर्माण स्थल पर उद्घाटन कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई। आनन-फानन में इसकी तैयारी भी कर ली गई। उद्घाटन के लिए स्थान परिवर्तन की सूचना आते ही मोरसंड गांव के लोग उग्र हो गए। पटरी पर आकर लोगों ने ट्रेन को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसकी सूचना मिलने के बाद लोगों को मनाने सांसद अर्जुन राय व विधायक गुड्डी चौधरी गांव पहुंचे। डीआरएम अरुण मल्लिक समेत वरीय रेल अधिकारी व स्थानीय प्रशासन के घंटों मशक्कत के बाद पटरी से लोगों को हटाकर किसी प्रकार से ट्रेन परिचालन को शुरू किया जा सका। स्थानीय लोगों ने डीआरएम को एक ज्ञापन सौंप कर गाड़ियों की संख्या में वृद्धि करने व मोरसंड स्थित रून्नीसैदपुर स्टेशन पर कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली स्थापित करने की मांग रखी।

गरीबों के हक से नहीं करेंगे समझौता : सांसद

रून्नीसैदपुर (सीतामढ़ी), निज प्रतिनिधि : मोरसंड गांव स्थित रून्नीसैदपुर रेलवे स्टेशन पर गुस्साएं लोगों के विरोध को झेलने के बाद न्यू रून्नीसैदपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे सांसद अर्जुन राय ने अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ गरीबों के हक के विरुद्ध वे किसी भी मूल्य पर समझौता नहीं करेंगे। चाहे जो भी हो जाए गरीबों के हाथ को कमजोर नहीं होने देंगे। मुट्ठी भर लोग गरीबों को कमजोर करना चाहते हैं। उनके हक को छीनना चाहते है। जनतंत्र में सबका हक समान है। अहंकार से कोई बड़ा व छोटा नहीं होता है। गरीबों ने जो मुझे ताकत दी है उसका इस्तेमाल वे गरीबों के हित में कर रहे है और आगे भी करते रहेंगे। कहा कि उन्हें वोट की चिंता नहीं, वोट मिले या नहीं मिले, वे उस पैर को टिकने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि न्यू रून्नीसैदपुर स्टेशन के लिए प्रस्तावित स्थल उपयुक्त है। इस स्टेशन से गरीबों की बेरोजगारी दूर होगी। कोई भी बस वाला अब गरीबों को धक्का नहीं देगा। कुछ खास लोगों की माफियागिरी समाप्त होगी। हालांकि माफिया लोग इतनी आसानी से सब कुछ नहीं होने देंगे। सांसद ने कहा कि इन्हीं माफिया लोगों के साजिश का परिणाम है कि आज इतना विरोध किया जा रहा है।