Indian Railways News => Topic started by railgenie on May 15, 2013 - 18:00:54 PM


Title - पलटने से बची देहरा-बांद्रा एक्सप्रेस
Posted by : railgenie on May 15, 2013 - 18:00:54 PM

मुजफ्फरनगर : ट्रैक्टर की टक्कर से देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस पलटने से बाल-बाल बच गई। ट्रेन के नौ डिब्बों के पायदान क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में हड़कंप मच गया। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगा कर ट्रेन को रोका और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन रुकने तक हजारों यात्रियों की जान संकट में फंसी रही।
मंगलवार शाम करीब छह बजे नरा जड़ौदा व राना चौक के बीच संधावली ओवर ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति जबरन ट्रैक्टर को ट्रैक पर जंप करा पार करने की कोशिश कर रहा था। लोगों ने उसे ऐसा न करने को कहा, लेकिन उसने ट्रैक्टर को ट्रैक पर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर का अगला पहिया टै्रक के बीच में फंस गया। ट्रेन आती देख, ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। तेज रफ्तार आ रही देहरा-बांद्रा एक्सप्रेस की ट्रैक्टर के इंजन से जोरदार टक्कर हुई। ट्रैक्टर का इंजन डिब्बों के पायदान में रगड़ता हुआ काफी दूर जा निकला। ट्रैक्टर तो क्षतिग्रस्त हो ही गया और ट्रेन के नौ डिब्बों के पायदान भी टूट गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस बीच ट्रेन के ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। घटनाक्रम के बाद संधावली ओवर ब्रिज के नीचे आस-पास के लोगों का जमावड़ा लग गया।
गार्ड ने मामले की सूचना मुजफ्फरनगर कंट्रोल को दी। इसके बाद आरपीएफ व रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला। आरपीएफ ने ट्रेन का निरीक्षण किया और आधे घंटे बाद उसे मुजफ्फरनगर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान नौचंदी एक्सप्रेस व वनडीएस पैसेंजर का संचालन भी प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक एमएम त्यागी का कार्यभार देख रहे सीनियर स्टेशन मास्टर विपिन त्यागी ने बताया किओवर ब्रिज के नीचे से रास्ता नहीं है। ट्रैक्टर चालक के जबरन ट्रैक्टर जंप कराने की कोशिश पर यह हादसा हुआ।
आरपीएफ प्रभारी एम. असलम ने बताया कि ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है, अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रैक्टर मालिक व चालक की खोज पड़ताल की जाएगी।