Indian Railways News => Topic started by sushil on May 24, 2013 - 15:00:24 PM


Title - पांच घंटे थमे रहे मालगाड़ियों के चक्के
Posted by : sushil on May 24, 2013 - 15:00:24 PM

प्रतापगढ़। ड्राइवरों की कमी का असर मालगाड़ियों के संचालन पर पड़ रहा है। लांग हाल के लिए भी ड्राइवर नहीं मिल पा रहे हैं। गुरुवार सुबह छह बजे से मालगाड़ियां यार्ड में खड़ी होनी शुरू हो गईं।
जंक्शन पर ड्राइवरों की कमी एक बार फिर से ट्रेनों के संचालन में अड़चन पैदा कर रही है। रेस्ट पूरा न होने के कारण ड्राइवरों को ड्यूटी पर नहीं बुलाया जा रहा है। मजबूरी में मालगाड़ियों को यार्ड में रोका जा रहा है। गुरुवार सुबह छह बजे से यार्ड में गाड़ियां खड़ी होने लगीं। थोड़ी ही देर में पांच मालगाड़ियां यार्ड में खड़ी हो गईं। इसके चलते लखनऊ तक फोन घनघनाने लगे। अधिकारियों ने एक रूट की ट्रेनों को लांग हाल (दो ट्रेन जोड़ने) का निर्देश दिया लेकिन 11 बजे तक किसी ड्राइवर का रेस्ट पूरा न होने के कारण इस पर अमल नहीं हो सका। कई ड्राइवरों से रेस्ट के पहले ही गाड़ी चलाने की बाबत कहा गया, लेकिन वह तैयार नहीं हुए। इस समय सहालग चलने के कारण ड्राइवर छुट्टियां भी ले रहे हैं। इससे ड्राइवरों की और कमी हो गई है। 11 बजे जब ड्राइवरों का रेस्ट पूरा हुआ तो ट्रेनों को एक-एक करके भेजा जाने लगा। इस बाबत चीफ क्रू कंट्रोलर ने बताया कि ड्राइवरों के घरों में शादियां हैं। ड्राइवर पहले से ही कम हैं। छुट्टियां भी कई बार कैंसिल हुई हैं। इससे ड्राइवरों पर दबाव नहीं बनाया जा सकता।