Indian Railways News => Topic started by irmafia on Aug 16, 2013 - 17:58:42 PM


Title - पार्सल बुकिंग केंद्रों में नहीं हैं स्कैनर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
Posted by : irmafia on Aug 16, 2013 - 17:58:42 PM

नई दिल्ली। पार्सल बुकिंग केंद्र कभी भी यात्रियों के लिए खतरे का सबब बन सकते हैं। वजह है नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार, सराय रोहिल्ला सहित सभी रेलवे स्टेशनों के पार्सल बुकिंग केंद्र में स्कैनरों का नहीं होना। ऐसे में पार्सल के जरिए विस्फोटक सामग्री आसानी से भेजी जा सकती है जो किसी वारदात का कारण बन सकती हैं। इसे देखते हुए रेलवे ने पार्सल की बुकिंग सुविधा 15 अगस्त तक के लिए बंद कर दी है।

ऐसा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा को देखते हुए किया गया है। गौरतलब है कि इन केंद्रों पर केवल हैंड मेटल डिटेक्टर के सहारे आरपीएफ के दो जवान पार्सल की जांच करते हैं। इसे खोलकर देखने की जहमत तक नहीं उठाई जाती।

आंकड़ों के मुताबिक 2013 में 91 लाख, 2012 में 1.03 करोड़ और 2011 में 97 लाख पार्सलों की बुकिंग हुई। इनमें से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दो वर्ष में भेजे गए 1777 पार्सल की डिलीवरी गलत पते होने या किसी अन्य कारणों से नहीं हो पाई। इस बारे में पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन(जीआरपी) के एसएचओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि किसी भी पार्सल बुकिंग केंद्र की जिम्मेदारी आरपीएफ की होती है। स्कैनर नहीं होने के कारण पार्सल बुकिंग को 12 से 15 अगस्त तक बंद कर दिया जाता है।

आरपीएफ के सीनियर डीएससी वाईके जोशी, डीआरएम अनुराग सचान ने इस बारे में बात करने से मना कर दिया। इस बारे में सीपीआरओ नीरज शर्मा ने रेलवे का बचाव किया और कहा कि पार्सल बुकिंग केंद्र से यात्री का कोई लेना-देना नहीं है इसलिए उन्हें खतरा नहीं है। लेकिन जब उनसे यह पूछा गया कि फिर पार्सल बुकिंग केंद्र किसलिए बंद करते हैं तो उन्होंने बताया कि पुलिस के आदेश के कारण।