Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Apr 17, 2013 - 15:00:10 PM


Title - पैसेंजर की जगह दौड़ेगी मेमू, तो हवा से बात कराएगी एयर टैक्सी
Posted by : puneetmafia on Apr 17, 2013 - 15:00:10 PM

Bhaskar news  |  Apr 17, 2013, 03:05AM IST
भोपाल। भोपाल से बीना के बीच बुधवार को भले ही मेन लाइन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट (मेमू) ट्रेन शुरू हो जाएगी, लेकिन इससे यात्रियों को फिलहाल नई सुविधा नहीं मिलेगी। क्योंकि इसे अभी भोपाल-बीना पैसेंजर की जगह चलाया जा रहा है। मेमू भी उतना ही समय लेगी जितना पैसेंजर ट्रेन ले रही है और फेरा भी फिलहाल एक ही रहेगा। भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक ६ पर सुबह १० बजे आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज व विशेष अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हरी झंडी दिखाकर मेमू को रवाना करेंगे।

सबसे कम किराया पांच रुपए

यात्रियों से कम किराया 5 रुपए भोपाल से दीवानगंज स्टेशन तक का लिया जाएगा। अधिकतम किराया 25 रुपए बीना स्टेशन तक का लगेगा। गत एक अप्रैल से किराए को पूर्णांक में लिए जाने की प्रक्रिया के बाद सभी पैसेंजर ट्रेन का किराया 5 के गुणांक में लिया जाने लगा है। इसी कड़ी में मेमू का किराया भी फिलहाल भोपाल-बीना पैसेंजर के बराबर और टाइम-टेबल भी उसी का लागू किया जा रहा है। 18 अप्रैल से मेमू ट्रेन को सुबह 10.20 बजे बीना की ओर चलाया जाएगा।

फिलहाल नए प्लेटफार्म का उद्घाटन नहीं : पहले मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ नए बने प्लेटफार्म क्रमांक छह के उद्घाटन का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया था, लेकिन प्लेटफार्म पर कुछ निर्माण कार्य बाकी रहने और रेल मंत्री पवन बंसल का दौरा तय नहीं होने से इसे टाल दिया गया। अब माना जा रहा है कि नए प्लेटफार्म का कार्य पूरा होने और डबल डेकर ट्रेन चलाने के लिए व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद रेलमंत्री का दौरा तय होगा।


बाद में तय होंगे फेरे और टाइम-टेबल

मेमू को कितने फेरों में चलाया जाएगा, यह बाद में तय किया जाएगा। डीआरएम राजीव चौधरी का कहना है कि यात्रियों की मांग और फीडबैक के आधार पर रेलवे प्रशासन जल्द ही मेमू के फेरे व टाइम-टेबल में परिवर्तन करेगा।