Indian Railways News => Topic started by Jitendar on Apr 27, 2013 - 06:00:03 AM


Title - फफूंद स्टेशन पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पटरी से उतरी
Posted by : Jitendar on Apr 27, 2013 - 06:00:03 AM

औरैया, जागरण टीम : दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर शुक्रवार देर रात फफूंद स्टेशन पर 12394 डाउन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की एक बोगी पटरी से उतर गई। लूप लाइन पर होने के चलते पटरी से उतरा डिब्बा प्लेटफार्म से टकराकर रुक गया जिसके चलते बड़ा हादसा होते होते बचा। स्टेशन अधीक्षक आरसी त्रिपाठी के मुताबिक ट्रेन में डिलीवरी केस की सूचना मिलने पर ट्रेन लूप लाइन पर ली गई थी।
फफूंद स्टेशन पर रात करीब 10 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली से पटना जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का स्लीपर कोच संख्या 10 (एस-10) अचानक पटरी से उतरकर प्लेटफार्म से जा टकराया। इसी बीच ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी हो गई। घबराए यात्री शोर मचाते हुए ट्रेन से नीचे उतर गए। बताया जा रहा है कि लूप लाइन पर आते ही ट्रेन में कंपन हुआ जिसके चलते कैंटीन में काम कर रहे कर्मियों ने चेन खींच दी। इसी बीच एक कोच के पहिए पटरी से उतर गए। ट्रेन में यात्रा कर रहे मनीष व राकेश ने बताया कि लूप लाइन पर आते ही डिब्बा हिलने लगा। कैंटीन कर्मियों ने चेन पुलिंग की, लेकिन ट्रेन के रुकने तक पहिए पटरी से उतर चुके थे। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक आरसी त्रिपाठी व सहायक स्टेशन मास्टर वेद प्रकाश ने बताया कि इलाहाबाद कण्ट्रोल रूम से संदेश मिला था कि बोगी संख्या एस-4 में एक महिला का प्रसव हुआ है। सूचना पर 108 एम्बुलेंस सेवा को स्टेशन पर बुला लिया गया था और ट्रेन को लूप लाइन पर लेकर रोका जा रहा था। यात्री एएम खान के मुताबिक पटरी पर पत्थर के टुकड़े पड़े थे जिसके कारण ट्रेन में कंपन हुआ। यात्रियों के मुताबिक ट्रेन की गति कम थी जिसके चलते भयावह हादसा होते-होते बच गया। उधर पटरी से उतरे डिब्बे में करंट उतर आने से खलबली मच गई। हालांकि पैसिव करंट होने के चलते कोई हताहत नहीं हुआ। स्टेशन अधीक्षक आरसी त्रिपाठी के मुताबिक बोगी के पहिए उतरने की घटना की जांच कराई जाएगी। जिसके बाद सही स्थिति की जानकारी हो सकेगी। ट्रेन डिरेलमेंट की सूचना मिलते ही जिले के प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए। घटना के चलते दिल्ली हावड़ा रेलमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यातायात देर रात ही सामान्य हो सकेगा।