Indian Railways News => Topic started by railenquiry on May 22, 2013 - 15:00:28 PM


Title - फिटर व कोच अटेंडेंट में मारपीट, हंगामा
Posted by : railenquiry on May 22, 2013 - 15:00:28 PM

प्रतापगढ़ : रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एसी फिटर और कोच अटेंडेंट में भिड़ंत हो गई। इस दौरान अटेंडेंट को पीटा गया। उसे बचाने आए साथी को भी नहीं छोड़ा गया। मामला जीआरपी तक गया तो विभागीय विवाद बताते हुए पुलिस ने तहरीर नहीं ली।

पद्मावत एक्सप्रेस के एसी फिटर नागेंद्र नाथ तिवारी ने कोच अटेंडेंट आले हसन पर मोबाइल और अन्य सामान चुरा लेने का आरोप लगाया। इस पर दोनों में विवाद होने लगा। आरोप है कि फिटर ने अटेंडेंट को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट होते देख अटेंडेंट का साथी दिलीप वहां आया और बीच बचाव करने लगा। इस पर उसे भी पीटा गया। स्टेशन पर मारपीट देख भारी भीड़ जुट गई। अटेंडेंट ने जीआरपी में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। उधर फिटर की ओर से भी थाने में शिकायत की गई। जीआरपी के सामने मुश्किल घड़ी आ गई कि वह क्या करे। बहरहाल देर शाम तक पुलिस ने तहरीर नहीं ली थी और समझौते की बात चल रही थी।

उधर अटेंडेंट ने चेतावनी दी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह पद्मावत पर नहीं जाएगा। उसकी इस चेतावनी और हंगामे की जानकारी मिलने पर रेल अधिकारियों ने स्थानीय अधिकारियों से पूरा ब्यौरा तलब किया। इधर मामले की जानकारी वरिष्ठ मंडल अभियंता, विभाग के सीडीओ सहित अन्य अधिकारियों को भी दी गई है।

-------

आरक्षण काउंटर पर हंगामा

प्रतापगढ़ : रेलवे आरक्षण काउंटर पर हंगामे का दौर थम नहीं रहा है। मंगलवार को भी हंगामा हुआ।

तत्काल टिकट के लिए सोमवार की रात से ही तमाम लोग काउंटर के सामने पहुंच गए। खिड़की पर रुमाल बांधकर अपना नंबर लगाने को लोग फर्स पर गमछा बिछा कर सो रहे थे। सुबह होते ही लाइन लग गई। जो यात्री रेलवे के निर्धारित समय पर आए उनको लाइन में नहीं लगने दिया जा रहा था। इस पर उनमें मारपीट की नौबत आ गई। बाद में आरपीएफ ने वहां पहुंचकर भीड़ को हटाया तब जाकर सुचारु ढंग से टिकट वितरण हो सका। सहालग में टिकट की मांग बढ़ गई है। गर्मी की छुट्टी मनाने के लिए लोग महानगरों से गांव आ रहे हैं। उसी तरह की भीड़ यहां से हिल स्टेशन को जा रही है। इससे ट्रेनों पर जगह की मारामारी बढ़ गई है।