Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on May 31, 2013 - 09:00:11 AM


Title - बदलेगी मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन की सूरत
Posted by : riteshexpert on May 31, 2013 - 09:00:11 AM

   सुल्तानपुर : अमेठी संसदीय क्षेत्र में मुसाफिरखाना दूसरा स्टेशन होगा जिसे रेल महकमा आदर्श बनाने जा रहा है। इससे इस स्टेशन की सूरत बदल जाऐगी। लखनऊ-सुल्तानपुर के बीच यात्रियों को खान-पान, पेयजल व शौचालय जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलने लगेंगी।

रेल मंत्रालय ने मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन को आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना मंजूर की है। अगले वित्तीय वर्ष से पहले यहां के सूरत-ए-हाल पूरी तरह से बदले नजर आएंगे। मूंगफली, समोसा, चाय तक सीमित खानपान सुविधाएं कोल्डड्रिंक्स, चिप्स व पेस्टी तक पहुंच जाएंगी। अखबार के साथ-साथ ही मैग्जीन भी मिलने लगेगी। महिला हो या पुरुष शौचालय सुविधा के लिए दूर नहीं जाना होगा।

इनसेट : खुलेंगे नए स्टाल

आदर्श स्टेशन बनने के साथ ही प्लेटफार्म पर नए-नए स्टाल बन जाएंगे। जिन पर हर तरह के खानपान जैसे बिस्कुट, कोल्डड्रिंक्स, पेस्ट्री, चिप्स, समोसा, पकौड़ा के साथ फल भी यात्रियों में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। हर प्लेटफार्म पर खानपान के स्टाल व मुख्य प्लेटफार्म पर कैंटीन बनाई जाएगी। एक बुक स्टाल भी होगा जहां ज्ञान वर्धक कहानियों के साथ नित नए अविष्कारों व देश-विदेश के बारे में जानकारी देती मैग्जीन व समाचार पत्र मिलने लगेंगे।

इनसेट : पेयजल की होगी समुचित व्यवस्था

आदर्श स्टेशन पर सबसे ज्यादा खूबसूरत व्यवस्था यात्रियों को पीने का पानी मुहैया कराने की होगी। जगह-जगह पर टाइल्स व वेसिंग लगे आकर्षक पानी की टोटियां लगाई जाएंगी। इनमें शीतल जल की व्यवस्था के लिए वाटर कूलर लगाए जाएंगे।

इनसेट : बनेंगे शौचालय

स्टेशन को आदर्श बनाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण यात्रियों को सुविधा मुहैया कराना है। इसके लिए महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। जिसमें स्नानगृह भी होंगे। इन्हें आकर्षक टायल्स एवं फौव्वारों से सुसज्जित किया जाएगा। यह पे- एंड- यूज व्यवस्था के तहत संचालित होगा।

इनसेट : लगेंगे इलेक्ट्रानिक उपकरण

यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल घड़ी तो प्लेटफार्मों पर लगेगी ही। ट्रेनों के आने-जाने की सूचना देने के लिए इलेक्ट्रानिक डिस्प्ले बोर्ड व आटोमैटिक एनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाया जाएगा।

इनसेट :बनेगा प्रतीक्षालय व फुट ओवरब्रिज

आदर्श स्टेशन पर सबसे जरूरी सुविधा यात्रियों की प्रतीक्षालय की होगी। ट्रेनों के आवागमन में देरी होने पर रेल यात्री यहां बैठकर इंतजार कर सकेंगे। हाईलेवल प्लेटफार्म व डेमू-मेमू चलने पर यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने के लिए फुटओवर ब्रिज भी बनाया जाएगा।

इनसेट : बोले अफसर

सहायक मंडल अभियंता आरके सैनी ने बताया कि मास्टर प्लान मिलने व बजट आवंटन के साथ ही आदर्श स्टेशन बनना शुरू होगा और अगले वित्तीय वर्ष से पहले पूरा कर लिया जाएगा।