Indian Railways News => Topic started by sushil on May 14, 2013 - 18:00:44 PM


Title - बरातियों भरी बस ट्रेन से टकराई, 5 की मौत, 45 घायल
Posted by : sushil on May 14, 2013 - 18:00:44 PM

कूचबिहार, अलीपुरद्वार जागरण टीम: बरातियों से भरी बस रेल लाइन पार करने के दौरान ट्रेन से जा टकराई। इस घटना में देर रात मिली सूचना के अनुसार पांच यात्रियों के शव मिले हैं। जब कि 45 घायल बस यात्रियों को इलाज के लिए कूचबिहार स्थित एमजेएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें पांच यात्रियों की हालत अत्यन्त नाजुक बतायी जाती है। घटनास्थल पर अलीपुरद्वार जंक्शन से रिलीफ ट्रेन पहुंच चुकी है। इसके साथ ही एनएफ रेलवे के एडीआरएम व विधायक रवींद्रनाथ घोष भी मौके पर पहुंच गये हैं। शवों को निकालने के लिए गैस कटर लाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को देर रात फालाकाटा से प्राइवेट बस आमबाड़ी जीपी भेंटलागुड़ी में आयोजित विवाह समारोह में बरातियों को लेकर जा रही थी। बस जब बोकालीरमठ रेल लाइन पार कर रही थी तभी कामाख्या-अलीपुरद्वार डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस से जा टकरायी। घटना होते ही वहां कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि बस में 60 से 65 बराती थे। देर रात तक बस में घायलों व मृतकों की खोजबीन जारी थी। घटना के दौरान कामाख्या-अलीपुरद्वार डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस संख्या 15472 अलीपुरद्वार जंक्शन की तरफ जा रही थी। जब उक्त ट्रेन बोकालीमठ स्थान पर पहुंची तभी रेल लाइन पार कर रही बरातियों से भरी बस ट्रेन से जा टकरायी। घटना की जानकारी मिलते ही कूचबिहार व अलीपुरद्वार से राहत दल मौके पर पहुंच गया। राहत दल में कूचबिहार व अलीपुरद्वार से आया अग्निशमन विभाग, एम्बुलेंस व राहत कार्य के लिए काफी तादाद में दोनों स्थानों से पुलिसबल भी मौके पर पहुंच गया है। घटनास्थल पर चहुंओर अंधेरा छाया हुआ है इसलिए राहत दल को कार्य करने में असुविधा हो रही है। वैसे सर्चलाइट की मदद ली जा रही है। बताया जाता है कि घटनास्थल पर लेवल क्रासिंग बनी है मगर उसमें किसी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं हुई है। मृतकों व घायलों की संख्या बढ़ने की संभावना जतायी जा रही है। क्योंकि घटनास्थल पर अंधेरा है इसलिए खोजबीन का कार्य समुचित ढंग से नहीं हो पा रहा है। घायलों व मृतकों के शव कूचबिहार स्थित एमजेएन अस्पताल लाया जा रहा है। घटनास्थल पर अलीपुरद्वार के डीआरएम रिलीफ ट्रेन लेकर पहुंच रहे हैं। अलीपुरद्वार से दमकल दस्ते के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भी रवाना हुई है।