Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jun 11, 2013 - 09:01:10 AM


Title - बस एक एसएमएस पर साफ होगा ट्रेन का टॉयलेट
Posted by : irmafia on Jun 11, 2013 - 09:01:10 AM

ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक शिकायत कोच और शौचालयों में फैली गंदगी को लेकर रहती है। इसी को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की शिकायतों पर तत्काल प्रतिक्रिया के लिए एसएमएस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।
यह सेवा कुछ गिनी चुनी ट्रेनों में शुरू की जाएगी। इसके तहत यात्री कोचों, शौचालयों की स्वच्छता और अन्य समस्याओं के बारे में शिकायत करने के लिए एसएमएस या फोन कॉल कर ट्रेन में मौजूद स्टाफ से संपर्क कर सकेंगे।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसके लिए ऑनसाइट यात्री शिकायत निवारण प्रणाली (ओपीसीआरएस) तैयार की जा रही है।
इसका जिक्र 2013-14 के रेल बजट में भी किया गया था। माना जा रहा है कि परीक्षण के तौर पर इस सेवा की शुरुआत मुंबई राजधानी या बंगलूरू राजधानी से की जा सकती है।
इसके तहत यात्री कोच या शौचालय में फैली गंदगी, लिक्विड साबुन न होने से लेकर हाउस कीपिंग संबंधी अन्य समस्याओं को लेकर एसएमएस कर सकते हैं।
अधिकारी ने बताया कि जिस तरह से पीएनआर की जानकारी के लिए एक नंबर का इस्तेमाल किया जाता है, उसी तरह से एक कॉमन नंबर पर यात्री अपना पीएनआर एसएमएस करेंगे। इसके लिए दूरसंचार विभाग से तीन डिजिट का नंबर अलॉट करने को कहा गया है।
कैसी काम करेगी एसएमएस सेवा
एक बार एसएमएस भेजे जाने के बाद सूचना जीएसएम नेटवर्क के साथ जुड़े ओपीसीआरएस में दर्ज हो जाएगी और इसे तत्काल ट्रेन में हाउस कीपिंग सुपरवाइजर के पास उपलब्ध जीएसएम हैंड हेल्ड यूनिट (मोबाइल फोन) पर भेज दिया जाएगा।
इसी के साथ ही शिकायतकर्ता यात्री के मोबाइल पर एक कंप्लेंट आईडी के साथ शिकायत दर्ज होने की सूचना दी जाएगी। साथ ही इसमें यह निर्देश भी होगा कि जब हाउस कीपिंग सुपरवाइजर समस्या के समाधान के बाद यात्री की संतुष्टि जानने उनके पास आएगा तो यात्री उसे आईडी बता दे।
इस आईडी को एसएमएस से ओपीसीआरएस को भेजा जाएगा। वहां से शिकायतकर्ता के पास शिकायत पर अमल किए जाने की सूचना मिलेगी। यदि यात्री कंप्लेंट आईडी नहीं बताएगा तो माना जाएगा कि शिकायत का यात्री की संतुष्टि के मुताबिक समाधान नहीं किया गया है।