Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 26, 2013 - 17:57:34 PM


Title - बारिश और बाढ़ से ट्रेनों की रफ्तार धीमी, 17 घंटे देरी से आई पातालकोट
Posted by : puneetmafia on Aug 26, 2013 - 17:57:34 PM

ग्वालियर. प्रदेश में हो रही भारी बारिश का असर ट्रेनों पर भी पडऩे लगा है। झांसी की ओर से आने वाली ट्रेनें रविवार को घंटों देरी से ग्वालियर आईं। छिंदवाड़ा से आने वाली पातालकोट एक्सप्रेस 17 घंटे से अधिक देरी से ग्वालियर आई। भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त ट्रैक के कारण ट्रेनों को बदले रूट से निकाला जा रहा है, जिसके कारण ट्रेनें देरी से ग्वालियर आ रही हैं।
बारिश के कारण बैतूल के पास ट्रैकके नीचे से मिट्टी बह जाने से नागपुर की ओर से आने वाली ट्रेनें घंटों देरी से ग्वालियर आईं। तमिलनाडु एक्सप्रेस 5.25 घंटे, गोंडवाना 4.39 घंटे, जीटी पांच घंटे, दक्षिण 5.30 घंटे, केरला 8.37 घंटे, पातालकोट 17.20 घंटे, छत्तीसगढ़ 6.46 घंटे, समता 8.13, दादर अमृतसर 2.30 घंटे की देरी से आईं।
ट्रैक पर पानी, अटकी नैरोगेज :रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण ग्वालियर आने वाली और सबलगढ़ जाने वाली ट्रेनें अटक गईं। शनिवार की रात तिघरा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद सांक नदी उफान पर आ गई और ट्रैक पानी में डूब गया। इससे ग्वालियर से सबलगढ़ जाने वाली ट्रेन को बानमोर रेलवे स्टेशन पर रोके रखा गया। वहीं सबलगढ़ से आने वाली नैरोगेज को सुमावली रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। एक घंटे बाद 11 बजे ट्रैक से पानी उतरने के बाद ट्रेनों को आगे रवाना किया गया।
पटरी से उतरी नैरोगेज: सबलगढ़ से ग्वालियर आ रही नैरोगेज का खाली कोच बहोड़ापुर गरगज हनुमान मंदिर के पास रविवार रात 8.20 पर पटरी से उतर गया। मेंटेनेंस अमले ने करीब 10.30 बजे कोच को पटरी पर रखकर ट्रेन को रवाना किया।