Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jun 28, 2013 - 11:30:18 AM


Title - बुजुर्ग व विकलांगों को सीट दिलाएंगे मेट्रो कर्मी
Posted by : RailXpert on Jun 28, 2013 - 11:30:18 AM

मेट्रो रेल में बुजुर्ग व विकलांग यात्रियों को सीट सुनिश्चित कराने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) शनिवार से विशेष अभियान चलाएगा। यह अभियान पहले व दूसरे चरण में बने प्रमुख मेट्रो लाइन के आरंभिक स्टेशन से शुरू किया जाएगा।
डीएमआरसी के निदेशक (जनसंपर्क) अनुज दयाल ने बताया कि 29 जून से एक माह तक चलने वाले विशेष अभियान के दौरान मेट्रो कर्मचारी व सुरक्षा गार्ड पूरी कोशिश करेंगे कि मेट्रो स्टेशन से ट्रेन आगे रवाना हो तो यात्रा करने वाले सभी बुजुर्ग व विकलांग को बैठने के लिए सीट मिल जाए। अभियान प्रत्येक शनिवार व रविवार को रिठाला, दिलशाद गार्डन, द्वारका सेक्टर 21, नोएडा सिटी सेंटर, वैशाली, जहांगीरपुरी तथा हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर चलेगा। इस दौरान अगर किसी विकलांग को मेट्रो स्टेशन में प्रवेश से लेकर प्लेटफार्म तक पहुंचने या निर्धारित कोच में यात्रा करने संबंधी कोई समस्या आती है तो स्टेशन पर तैनात कस्टमर रिलेशन असिस्टेंट (सीआरए) उसकी समस्या का समाधान करेंगे।
दयाल बताते हैं, यह विशेष अभियान यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर चलाने का फैसला लिया गया। इस अभियान के नतीजे देखने के बाद इसे आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। अभियान के दौरान मेट्रो ट्रेन में सीट पर बैठे युवाओं को भी जागरूक किया जाएगा कि वह जरूरतमंद को सीट दें। मालूम हो कि मेट्रो लाइन पर छह कोच वाली जो ट्रेन दौड़ रही है उसमें फिलहाल 64 सीट बुजुर्ग व विकलांगों के लिए आरक्षित है। आठ कोच वाली मेट्रो में ऐसी 88 सीटें आरक्षित हैं। विकलांगों को मेट्रो स्टेशन में प्रवेश से लेकर ट्रेन में चढ़ने तक में कोई असुविधा न हो इसके लिए वहां व्हीलचेयर, कॉनकोर्स से प्लेटफार्म तक लिफ्ट की सुविधा, चौड़े ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट आदि लगे हुए हैं।