Indian Railways News => Topic started by messanger on Aug 04, 2013 - 18:01:00 PM


Title - बेपटरी मालगाड़ी से बाधित हुआ था रेलमार्ग, अब हुआ सामान्य
Posted by : messanger on Aug 04, 2013 - 18:01:00 PM

शुक्रवार को भिलाई स्टेशन के पास मालगाड़ी के बेपटरी हो जाने से ठप हुआ नागपुर हावड़ा रूट फिर चालू हो गया। रेल प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर काम करके शनिवार तड़के 3 बजे अप लाइन व सुबह 9 बजे डाउन लाइन को शुरू कर दिया गया। इसके बाद नागपुर-हावड़ा रूट से ट्रेनों का आवागमन सुचारु तरीके से शुरू हो गया। हालांकि शुक्रवार की सुबह 11 बजे से शनिवार की तड़के 3 बजे तक 16 घंटे नागपुर-हावड़ा मार्ग बंद रहने से शनिवार की नागपुर की ओर आनेवाली दर्जनों गाडिय़ां घंटों लेट रहीं। नागपुर से बिलासपुर जानेवाली 12856 इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द कर दी गयी।
शुक्रवार की सुबह हावड़ा लाइन पर नागपुर की ओर आ रही मालगाड़ी भिलाई स्टेशन के पास बेपटरी हो गयी। गाड़ी के चार डिब्बों ने पटरी छोड़ दी। बेपटरी हुई मालगाड़ी आड़े-तिरछे अंदाज में बिखर गई। जिससे नागपुर-हावड़ा अप व डाउन लाइन ठप हो गईं। इस मार्ग से चलनेवाली गाडिय़ों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया। सुबह से रात होने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ था। ऐसे में कुछ गाडिय़ों को आधे रास्ते से ही लौटाया गया।
वहीं कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। नागपुर की ओर आनेवाले गाडिय़ां निर्धारित समय की तुलना 9 से 10 घंटे लेट रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।  ट्रैक से मालगाड़ी को हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया। करीब 16 घंटों बाद रेल प्रशासन को उस समय सफलता मिली जब नागपुर की ओर आनेवाली लाइन को ट्रेनों के आवागमन के लिए सुचारू किया गया।
लेकिन नागपुर से हावड़ा की ओर जानेवाली लाइन को अब भी राहत नहीं मिली थी। ऐसे में एक ही लाइन से हावड़ा से आनेवाले व जानेवाली गाडिय़ां चलाई गई। शनिवार की सुबह 9 बजे प्रशासन को पटरी को पूर्ववत स्थिति में लाने में सफलता मिली। लेकिन रातभर गाडिय़ां रुक-रुककर चलने से नागपुर स्टेशन पर आनेवाली कई गाडिय़ां घंटों लेट रहीं।
बनाया गया मदद केंद्र : ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा नागपुर स्टेशन पर मदद केंद्र बनाया गया। इसके माध्यम से यात्री व यात्रियों के परिजनों को गाड़ी की स्थिति पता चल सकी।
यह गाडिय़ां रहीं घंटों लेट
ट्रेन क्रमांक 12860 गीतांजलि एक्सप्रेस 7 घंटे, 12870 हावड़ा-मुंबई 6 घंटे, 22846 हटिया-पुणे एक्सप्रेस 5 घंटे, 18030 शालीमार एलटीटी 6 घंटे, 12810 हावड़ा मेल 4 घंटे, 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस 13 घंटे, 12810 हावड़ा मेल 4 घंटे, 12130 आजाद हिंद एक्सप्रेस 2 घंटे विलंब से नागपुर स्टेशन पर पहुंचीं। वहीं बिलासपुर से नागपुर की ओर आ रही 18239 शिवनाथ एक्सप्रेस को रायपुर में ही समाप्त कर बिलासपुर के लिए रवाना किया गया।