Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Aug 14, 2013 - 18:00:45 PM


Title - भिखारियों को रेलवे स्टेशनों से भगाया
Posted by : railenquiry on Aug 14, 2013 - 18:00:45 PM

नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए राजधानी के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर राजधानी के स्टेशन परिसरों में अवैध रूप से सामान बेचने वालों के साथ ही भिखारियों को भी वहां से भगा दिया गया है।
यात्री, रेलवे कर्मचारी व अन्य अधिकृत लोग ही रेलवे स्टेशन परिसर में प्रवेश करें, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसलिए नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली व निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर 15 अगस्त तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री भी रोक दी गई है।
वहीं रेलवे स्टेशन परिसर से अवैध वेंडरों व भिखारियों को भी सोमवार से भगाया जा रहा है। इसके लिए रेलवे पुलिस की विशेष टीम बनाई गई है। टीम यह सुनिश्चित करने में लगी है कि कोई भी अवैध व्यक्ति इन स्टेशनों पर न पहुंचे।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त क्राइम व रेलवे संजय भाटिया का कहना है कि स्टेशन परिसर में अवैध रूप से किसी को कारोबार करने या घूमने की अनुमति नहीं होती है। इसलिए रूटीन में इस तरह के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।