Indian Railways News => Topic started by greatindian on Aug 07, 2013 - 21:01:17 PM


Title - भूस्खलन से टनल में फंसी ट्रेन
Posted by : greatindian on Aug 07, 2013 - 21:01:17 PM

दरसू इलाके में भूस्खलन के कारण मलबा गिरने से नीचे स्थित जम्मू-ऊधमपुर रेल सेक्शन की टनल नंबर 16 क्षतिग्रस्त हो गई। मलबा गिरने की कोई जानकारी न होने के कारण सुबह टनल से गुजरी एक्सप्रेस मलबे से टकरा कर पटरी से उतर गई। इस हादसे में ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए। ऊधमपुर से डीएमयू मंगवा कर सभी यात्रियों को वापस ऊधमपुर पहुंचाया गया। टनल में फंसे सभी डिब्बों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि इंजन को निकालने का काम समाचार लिखे जाने तक जारी था। मलबा गिरने की वजह से ऊधमपुर जम्मू रेल सेक्शन बंद होने के कारण मालवा एक्सप्रेस को रद कर दिया गया, जबकि बाकी सभी ट्रेनों को जम्मू में ही टर्मिनेट कर वहां से रवाना किया।
जानकारी के अनुसार, सुबह सवा सात बजे जम्मू-ऊधमपुर रेलवे सेक्शन पर रेलवे किलोमीटर नंबर 39 पर स्थित कट एंड कवर टनल मलबा गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई। मलबा गिरने से चंद मिनट पहले भीतर से गुजर रही मालवा एक्सप्रेस के चालक ने मलबे गिरने की वजह से बंद टनल के मुहाना को देख सूझबूझ कर परिचय देते हुए आपातकालीन ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगाने के लिए चालक को काफी कम समय मिलने की वजह से ट्रेन का इंजन मलबे से टकराने के बाद पटरी से उतर गया। इससे हुई जोरदार टक्कर के कारण ट्रेन की बोगियों में सवार यात्रियों को काफी तेज झटका लगा, जिससे कुछ यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद अफरा-तंफरी मच गई। अंधेरे में लोग बोगियों से नीचे उतर कर टनल से बाहर की ओर पैदल निकल पड़े। सूचना मिलने पर रेलवे के सीएओ बीडी गर्ग, सीनियर डीसीएम यू सिंह, डीटीएम आरएन मीणा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर आरके हक्खू, सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि करीब दो घंटे में रेलवे यात्रियों को डीएमयू से वापस ऊधमपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया गया। इसके साथ ही मलबे से टकरा कर पटरी से उतरने के कारण टनल में फंसी मालवा एक्सप्रेस को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। ट्रेन की बोगियों को पीछे से अलग कर बारी बारी रामनगर पहुंचाया गया। दोपहर बाद तक मालवा के टनल के अंदर मौजूद करीब दस बोगियों को निकाल कर रामनगर पहुंचा दिया। इसके बाद इंजन को निकालने के लिए उसे पटरी पर लाने के लिए काम जारी था।
उधर, सेक्शन पर गिरे मलबे को हटाने के लिए रेलवे द्वारा मंगवाई गई जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंच चुकी थी।
मलबा गिरने के कारण बंद हुए जम्मू ऊधमपुर रेल सेक्शन की वजह से मालवा एक्सप्रेस के साथ ऊधमपुर से जम्मू जाने वाले डीएमयू को भी रद कर दिया गया। जबकि उत्तर संपर्क क्रांति, जम्मू मेल, पठानकोट ऊधमपुर डीएमयू सहित ऊधमपुर तक आने वाले सभी ट्रेनों को जम्मू में ही टर्मिनेट कर दिया गया और वहीं से वापसी के लिए चलाया गया। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक इंजन देर रात तक निकाल लिए जाने की उम्मीद है। इसके बाद मलबे को साफ कर बुधवार बाद दोपहर तक जम्मू-ऊधमपुर रेल सेक्शन पर परिचालन फिर से शुरू होने की संभावना है।