Indian Railways News => Topic started by railgenie on Dec 29, 2012 - 03:00:05 AM


Title - महाकुंभ के मुसाफिरों को रेलवे ने दी राहत !
Posted by : railgenie on Dec 29, 2012 - 03:00:05 AM

इलाहाबाद/ब्यूरो | Last updated on: December 28, 2012 2:07 PM IST
महाकुंभ में आने वाले स्नानार्थियों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्री घर के नजदीकी स्टेशन से इलाहाबाद आने का अनारक्षित टिकट खरीदते समय ही 15 दिन बाद की वापसी का टिकट भी खरीद सकेंगे। यह सुविधा 10 जनवरी से 12 मार्च 2013 के दौरान मिलेगी।
.
इससे यात्रियों को यह राहत मिलेगी कि वापसी में इलाहाबाद जंक्शन या आसपास के काउंटरों पर टिकट के लिए मारामारी नहीं करनी पड़ेगी। रेलवे ने साफ किया है कि यह सुविधा सिर्फ महाकुंभ के लिए है। रोक सिर्फ इतनी है कि वापसी के इन टिकटों को रद्द नहीं कराया जा सकेगा।
.
मेले के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे इलाहाबाद में स्थित सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोल रहा है। इन खिड़कियों से अनारक्षित टिकट बेचे जाएंगे। रेलवे की आशंका है कि मेले के दौरान ज्यादा भीड़ होने पर टिकट खिड़कियों पर अराजकता की स्थिति हो सकती है।
.
सो, मेले में आने वाले यात्रियों को सुविधा मुहैया कराने का निर्णय लिया है कि नजदीकी स्टेशन से इलाहाबाद आने का टिकट खरीदते वक्त ही यहां से 15 दिन बाद की वापसी का अनारक्षित टिकट भी खरीद सकते हैं। रेलवे बोर्ड निदेशक पैसेंजर मार्केटिंग डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने इसका आदेश भी जारी कर दिया है।
.
रेलवे ने इसके लिए इलाहाबाद और आसपास के 11 स्टेशन चिह्नित किए हैं। इनमें इलाहाबाद जंक्शन, इलाहाबाद सिटी (रामबाग), नैनी, सूबेदारगंज, प्रयाग, प्रयागघाट, दारागंज, झूंसी, फाफामऊ, छिवकी और विन्ध्याचल स्टेशन हैं। इन स्टेशनों के लिए देश के किसी भी स्टेशन से अनारक्षित अग्रिम टिकट मिलेंगे। वापसी की यात्रा तिथि भी टिकट पर दर्ज कर दी जाएगी। इस व्यवस्था के लिए बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिए हैं कि अनरिजर्व टिकटिंग सिस्टम में जरूरी बदलाव कर लें।