Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 06, 2013 - 21:00:19 PM


Title - महिला स्पेशल ट्रेन का मना जन्मदिन
Posted by : railgenie on Aug 06, 2013 - 21:00:19 PM

आज जन्मदिन तुम्हारा, स्वाभिमान है हमारा। लगता है हर दिन हमको प्यारा, चली लेडीज स्पेशल तू, हैप्पी बर्ड डे टू यू। यह पंक्तियां किसी शायर की नहीं, बल्कि दैनिक महिला यात्रियों ने सोमवार को महिला स्पेशल ट्रेन के चौथे जन्मदिन के उपलक्ष्य में यह कविता सुनाई। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर महिलाओं ने इस ट्रेन के जन्मदिन की खुशी में केक कटा और टॉफियां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
महिला स्पेशल ट्रेन को चले हुए आज पूरे चार साल हो गए हैं। यह ट्रेन सोमवार की सुबह 8:25 बजे पलवल रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए चली थी। इस ट्रेन को महिला यात्रियों ने पलवल स्टेशन पर सजाया और महिलाओं ने कविता व गीत गाए। ट्रेन असावटी, बल्लभगढ़, न्यू टाउन रेलवे स्टेशन रुकती हुई सुबह करीब नौ बजे ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंची। महिलाओं ने कविता व गीत लिखे हुए पोस्टर बोगी के अंदर चस्पा किए हुए थे। दैनिक यात्री संघ की प्रधान विजयलक्ष्मी कौशिक, उपप्रधान शांति आर्य, अंजु दुआ, राज कटारिया, अनिता, राधा, कमलेश, एकता, कांता, नीलम और वनिता शर्मा व अन्य महिलाओं ने इस ट्रेन के चालक ओम चंद से केक कटवाया, तत्पश्चात हैप्पी बर्ड डे बोलते हुए टॉफियां बांटी। आमतौर पर यह ट्रेन अन्य दिन स्टेशन पर दो मिनट रुकती है, लेकिन सोमवार को ट्रेन पांच मिनट रोकी गई थी। महिलाओं ने ट्रेन के जन्मदिन के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस भी मनाया। महिलाएं हाथों में झंडे लिए हुई थीं।