Indian Railways News => Topic started by railgenie on Apr 07, 2013 - 09:00:30 AM


Title - माओवादियों का झारखंड- बिहार बंद, उड़ायी रेल पटरी
Posted by : railgenie on Apr 07, 2013 - 09:00:30 AM

बिहार के पूर्व मध्य रेलवे जोन अंतर्गत सोनपुर मंडल में मुजफ्फरपुर हाजीपुर रेलखंड पर नक्सलियों ने आज तड़के विस्फोट कर घोसवर गांव के पास रेल पटरी को उड़ा दिया जिसके कारण तीन घंटे से अधिक समय तक रेल यातायात बाधित रहा.रेल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाजीपुर स्टेशन से करीब चार किलोमीटर दूर घोसवर गांव के पास नक्सलियों ने विस्फोट कर लगभग आधा फुट पटरी उड़ा दी. पटरी टूटने के कारण सुबह 5.50 बजे से 9.20 बजे तक इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा.
उन्होंने बताया कि बाद में कर्मचारियों ने पटरी को दुरुस्त कर लिया और परिचालन शुरु हो गया. नक्सलियों की इस हरकत के कारण इस रेलखंड पर अवध असम एक्सप्रेस (5610), साबरमती एक्सप्रेस (9166), आम्रपाली एक्सप्रेस (5707), लिच्छवी एक्सप्रेस (4005), मौर्य एक्सप्रेस बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (1124), ग्वालियर बरौनी एक्सप्रेस (1124) सहित 10 प्रमुख ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा. ट्रेने जहां तहां रुकी रही.
राज्य में हाइ अलर्ट
अपने साथियों की हत्या के विरोध में माओवादियों ने छह और सात अप्रैल को झारखंड और बिहार बंद बुलाया है. इधर, रविवार को राज्य भर में (रांची नगर निगम व बुंडू नगर पंचायत को छोड़) नगर निकाय चुनाव के तहत जहां मतदान होना है, वहीं रविवार को ही जेइइ की संयुक्त परीक्षा भी होनी है. नक्सली बंद के कारण मतदाता जहां ऊहापोह में हैं, वहीं जेइइ के परीक्षार्थी परेशान हो गये हैं. परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों से विद्यार्थी पहुंचेंगे.
बंद के मद्देनजर परीक्षार्थी एहतियात के तौर पर शुक्रवार से ही रांची, धनबाद व बोकारो पहुंचने लगे हैं. राज्य के इन तीन शहरों में 55 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. इधर, पुलिस मुख्यालय की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं.
रांची नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने चतरा के कुंदा थाना अंतर्गत लकड़मंदा गांव में टीपीसी उग्रवादियों द्वारा भाकपा माओवादी के 10 सदस्यों की हत्या के विरोध में छह व सात अप्रैल को बिहार- झारखंड बंद की घोषणा की है. बंदी पांच अप्रैल की मध्य रात्रि से सात अप्रैल की मध्य रात्रि तक जारी रहेगी.
बंदी की घोषणा भाकपा माओवादी संगठन की बिहार-झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ स्पेशल एरिया कमेटी प्रवक्त गोपाल जी ने की है. इस दौरान आपातकालीन सेवा (दवा दुकान, अस्पताल, पानी, बिजली, दूध सप्लाइ, एंबुलेंस और परीक्षा) बंद से मुक्त रखे गये हैं. बंद के दौरान नक्सलियों ने बदला लेने की चेतावनी दी है.
इधर, बंद से निपटने के लिए सभी जिलों के एसपी को अलर्ट कर दिया गया है. बंद के दौरान नगर निकाय चुनाव और परीक्षा को देखते हुए एडीजी विधि-व्यवस्था और ऑपरेशन डीके पांडेय ने विशेष तैयारी की है. 3785 मतदान केंद्रों में कुल 34 कंपनी बल और 28,617 पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को लगाया गया है.
हजारीबाग और सरायकेला में श्वान दस्ता की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसके साथ ही नक्सलियों से निबटने के लिए सीआरपीएफ की 17 बटालियन, दो बटालियन कोबरा, एसएसपी, झारखंड जगुआर की 15 असॉल्ट ग्रुप को नक्सलियों के खिलाफ अभियान में लगाया गया है