Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jul 29, 2013 - 12:00:46 PM


Title - मालगाड़ी का चालक निलंबित Gonda | अंतिम अपडेट 28 जुलाई 2013 5:33 AM IST पर
Posted by : nikhilndls on Jul 29, 2013 - 12:00:46 PM

गोंडा। बिना लाइन क्लियर हुए सिग्नल की अनदेखी कर चालक ने मालगाड़ी को आगे बढ़ा दिया और गोंडा कचहरी रेलवे स्टेशन पर खड़ा कर दिया। इसी के ठीक पीछे उसी ट्रैक पर आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन भी आ रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही अफसरों ने आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन को मैजापुर रेलवे स्टेशन पर खड़ा करा दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। उधर, डीआरएम ने मालगाड़ी के चालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए मंडलीय रेल अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है।
सीतापुर से गोरखपुर जा रही होजरी मालगाड़ी (संख्या 14936) शनिवार सुबह 3.45 बजे गोंडा कचहरी रेलवे स्टेशन के पास पहुंची। चालक ने लाइन क्लियर न होने के बावजूद सिग्नल की अनदेखी कर मालगाड़ी आगे बढ़ा दी और गोंडा कचहरी रेलवे स्टेशन पर लाकर खड़ी कर दी। मालगाड़ी के पीछे उसी ट्रैक पर आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन भी आ रही थी। इसकी जानकारी रेल अधिकारियों को हुई तो उन्होंने आनन-फानन में ट्रेन को मैजापुर रेलवे स्टेशन पर खड़ा करा दिया। ट्रेन को आधे घंटे बाद दूसरे ट्रैक से गोंडा के लिए रवाना किया गया। उधर, मालगाड़ी के चालक व गार्ड के खून की जांच की गई और तत्काल मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। सुबह सात बजे मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया। डीआरएम विनोद कुमार यादव ने बताया कि मालगाड़ी के चालक हरिओम वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच के लिए मंडलीय रेल अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।