Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Aug 26, 2013 - 12:00:04 PM


Title - मेट्रो में शराबियों की खैर नहीं : हुड़दंग करने वाले मुसाफिरों के खिलाफ अभियान शुरू
Posted by : RailXpert on Aug 26, 2013 - 12:00:04 PM

शराब पीकर मेट्रो में हुड़दंग करने वाले मुसाफिरों के खिलाफ सीआईएसएफ ने एक बार फिर अभियान चलाने का फैसला किया है।
सीआईएसएफ ने यह फैसला नोएडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर शराब के नशे में धुत एक शख्स द्वारा मुसाफिरों के साथ मारपीट की घटना को देखते हुए लिया है। मेट्रो में सफर करने वाले मुसाफिरों की सुरक्षा के लिए खतरा मानते हुए सीआईएसएफ ने शराब का सेवन कर आए किसी भी शख्स को मेट्रो परिसर में दाखिल न होने देने का निर्देश जारी कर दिया है।
सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार शनिवार शाम नोएडा सिटी सेंटर पर सुरक्षा जांच कर रहे सीआईएसएफ कर्मी ने शराब के नशे में धुत एक शख्स को मेट्रो स्टेशनके सिक्योरिटी होल्ड एरिया में दाखिल होने से रोक दिया। जिसके बाद वह शख्स मेट्रो स्टेशन के बाहरी परिसर में कुछ देर तक घूमता रहा। मुसाफिरों के मना करने पर वह बदसलूकी पर उतर आया। नतीजनत मामला मारपीट तक पहुंच गया।
सीआईएसएफ के जवानों किसी तरह इस शख्स को मुसाफिरों से अलग कर मेट्रो पुलिस के हवाले कर दिया। उल्लेखनीय है कि 16 दिसंबर की घटना के बाद सीआईएसएफ ने शराब पीकर आए मुसाफिरों को मेट्रो परिसर में दाखिल होने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
यातायात पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सीआईएसएफ ने शराब का सेवन कर आए मुसाफिरों की स्थिति के अनुसार मेट्रो परिसर के भीतर जाने की इजाजत देने का फैसला किया था। नोएडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन में घटी इस घटना के बाद सीआईएसएफ ने इस अभियान को दोबारा कड़ाई से लागू करने का फैसला लिया है।