Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on May 10, 2013 - 00:00:03 AM


Title - मेट्रो स्टेशनों पर पुलिसकर्मी बढ़ाने का प्रस्ताव खारिज
Posted by : puneetmafia on May 10, 2013 - 00:00:03 AM

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : मेट्रो स्टेशन परिसरों की सुरक्षा बढ़ाने संबंधी दिल्ली पुलिस का प्रस्ताव खटाई में पड़ गया है। मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा में करीब दो हजार पुलिसकर्मी तैनात करने के प्रस्ताव को गृह मंत्रालय ने खारिज कर दिया है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, मेट्रो परिसरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त स्टाफ नहीं है। 129 मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा में महज 202 पुलिसकर्मी ही तैनात हैं। दिल्ली पुलिस के आठ पुलिस स्टेशन कश्मीरी गेट, शास्त्री पार्क, रिठाला, राजा गार्डन, कुतुब मीनार, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यमुना बैंक तथा कालकाजी मेट्रो स्टेशनों पर स्थित हैं। मेट्रो में लगातार बढ़ती भीड़ और स्टेशन परिसरों में अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल बढ़ाने की जरूरत समझी गई।
उन्होंने बताया कि वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म मामले के बाद वर्ष 2012 में इस आशय का प्रस्ताव बनाकर गृह मंत्रालय को भेजा गया था। अधिकारियों का कहना है, उनकी तरफ से मेट्रो की सुरक्षा में 24 इंस्पेक्टर, 63 सब इंस्पेक्टर, 130 एएसआइ, 613 हेड कांस्टेबल तथा 1,164 कांस्टेबलों की तैनाती का प्रस्ताव बनाया गया था। अनुमान था मेट्रो की सुरक्षा के लिए स्टाफ की तैनाती को अनुमति मिल जाएगी। लेकिन गृह मंत्रालय ने नई पोस्ट बनाने की आवश्यता न बताते हुए प्रस्ताव को खारिज कर दिया। ज्ञात हो कि दिल्ली पुलिस के अलावा मेट्रो की सुरक्षा एवं यात्रियों की तलाशी आदि कार्यो में सीआइएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) के पांच हजार जवान तैनात हैं जिनमें 800 महिलाएं शामिल हैं।