Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Jul 18, 2013 - 15:00:23 PM


Title - मेट्रो स्टेशनों पर मिलेगी पर्यटन स्थलों की जानकारी
Posted by : railenquiry on Jul 18, 2013 - 15:00:23 PM

नई दिल्ली।  पर्यटन निगम द्वारा राजधानी में आयोजित विभिन्न समारोहों की जानकारी अब पर्यटकों को दिल्ली मेट्रो में यात्रा के दौरान भी मिल सकेगी। इतना ही नहीं, शनिवार और रविवार को मेट्रो की सवारी करने वाले पर्यटकों के लिए सीटों का आरक्षण भी किया जाएगा। यह कदम दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने दिल्ली टूरिज्म एंड ट्रांसपोर्टेशन कॉरपोरेशन (डीटीटीडीसी) के साथ हुए साझा करार के बाद उठाया है।



इसके एवज में पर्यटन निगम अपने विभिन्न केंद्रों में दिल्ली मेट्रो के पर्यटक कार्डों की बिक्री कर डीएमआरसी का प्रचार-प्रसार करने में मददगार बनेगी। मेट्रो भवन में आयोजित समारोह के दौरान डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह की मौजूदगी में डीएमआरसी डायरेक्टर ऑपरेशन शरत शर्मा और डीटीटीडीसी के एमडी और सीईओ जीजी सक्सेना ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

किस तरह मेट्रो देगा पर्यटन में बढ़ावा
  पर्यटन निगम के साथ हुए साझा करार के बाद मुसाफिरों को मेट्रो स्टेशन पर सभी पर्यटन केंद्रों की झलकियां दिखाई देंगी। इन झलकियों में पर्यटन केंद्र के महत्व और इतिहास के साथ अन्य जानकारियां पर्यटकों को दी जाएंगी।
ञ्च  पांच प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पर्यटन निगम के इन्फॉर्मेशन काउंटर खोलने के लिए डीएमआरसी जगह उपलब्ध कराएगा। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत ब्लूलाइन स्थित द्वारका मेट्रो स्टेशन से किया जाएगा।

  पर्यटक स्थलों से संबंधित बैनर को मेट्रो स्टेशन पर लगे विज्ञापन पैनलों पर लगाया जाएगा। पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर स्थित मेट्रो म्यूजियम में भी पर्यटक स्थलों की जानकारी मुसाफिरों से साझा की जाएगी।

  साकेत मेट्रो स्टेशन के करीब स्थित कुतुब मीनार, गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज और कुतुब कांप्लेक्स तक पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो पर्यटकों को साकेत मेट्रो स्टेशन से किराए पर साइकिल उपलब्ध कराएगी। 



सभी मेट्रो स्टेशनों सहित मेट्रो ट्रेन के भीतर पर्यटन निगम द्वारा आयोजित दिल्ली के पकवान, काइट फेस्टिवल, मैंगो फेस्टिवल, गार्डन फेस्टिवल और इत्र फेस्टिवल जैसे आयोजनों की जानकारी दी जाएगी।



  शनिवार और रविवार के दिन दिल्ली मेट्रो की सभी ट्रेनों में पर्यटकों के लिए सीटें आरक्षित की जाएगी। पर्यटक स्थल तक पहुंचाने के लिए पर्यटन निगम पर्यटकों को वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध कराएगा।



पर्यटन निगम की मदद से डीएमआरसी का भी होगा प्रचार-प्रसार

  पर्यटकों को पर्यटन स्थलों की जानकारी मुहैया कराने के लिए पर्यटन निगम प्रचार सामग्री, पंपलेट, रूट मैप सहित अन्य सामाग्री डीएमआरसी को मुहैया कराएगा। यह सामग्री मेट्रो स्टेशन पर खुलने वाले इनफार्मेशन काउंटर पर उपलब्ध होंगे।



  पर्यटन निगम के सभी आउट लेट्स पर दिल्ली मेट्रो के पर्यटन कार्डों की बिक्री की जाएगी। पर्यटन कार्डों की बिक्री के लिए पर्यटन निगम अपने सभी आउटलेट पर डीएमआरसी के सेंटर खोलने के लिए जगह उपलब्ध कराएगी।
ञ्च  पर्यटन निगम द्वारा आयोजित होने वाले सभी समारोहों और आयोजनों में दिल्ली मेट्रो के प्रचार प्रसार के लिए डीएमआरसी को भी शामिल किया जाएगा।



100 में एक दिन और 250 रुपए में तीन दिन कर सकेंगे मेट्रो की अनगिनत सवारी
पर्यटन केंद्रों पर खुलने वाले डीएमआरसी के सेंटरों में पर्यटकों को दो तरह के पर्यटक कार्ड मुहैया कराए जाएंगे। इसमें एक दिन की वैधता वाला पर्यटन कार्ड 100 रुपए में मिलेगा, वहीं तीन दिन की वैधता वाला पर्यटन कार्ड 250 रुपए में उपलब्ध होगा। इन कार्ड की मदद से पयर्टन मेट्रो में अनगिनत सवारी कर सकेंगे