Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 30, 2013 - 08:00:19 AM


Title - मौजूदा छह मेट्रो स्टेशनों पर भी लगेंगे स्क्रीन डोर
Posted by : railgenie on Aug 30, 2013 - 08:00:19 AM

खुदकुशी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए तीसरे चरण में बनने वाले सभी मेट्रो प्लेटफार्म पर स्वचालित दरवाजे (प्लेटफार्म स्क्रीन डोर) लगाए जाएंगे। इन दरवाजों के खुले बगैर प्लेटफार्म पर खड़े यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सकेंगे। यह स्क्रीन डोर फिलहाल एयरपोर्ट मेट्रो लाइन पर सभी मेट्रो स्टेशनों के प्लेटफार्म पर लगे हुए हैं। ट्रायल के रूप में अगले कुछ माह में भीड़भाड़ वाले मौजूदा मेट्रो स्टेशन जैसे राजीव चौक, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, लक्ष्मी नगर, नई दिल्ली, चांदनी चौक स्टेशनों पर लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, तीसरे चरण का निर्माण कार्य पूरा होने तक मेट्रो में प्रतिदिन औसतन 40 लाख लोग यात्रा करेंगे। उस दौरान 33 इंटरचेंजिंग स्टेशनों पर भारी भीड़ होगी। ऐसे में जरा सी असावधानी होने पर हादसा हो सकता है। इसे रोकने के लिए डीएमआरसी ने प्लेटफार्म पर स्क्रीन डोर लगाने का फैसला लिया है। डीएमआरसी के अनुसार, प्लेटफार्म को पारदर्शी मेटल से कवर कर दिया जाएगा। इसके बाद मेट्रो ट्रेन के दरवाजे के ठीक सामने प्लेटफार्म पर स्वचालित दरवाजे लगाए जाऐंगे। इन दरवाजों की ऊंचाई करीब 1.7 मीटर (5.6 फीट) होगी। यह दरवाजे तभी खुलेंगे, जब ट्रेन प्लेटफार्म पर आकर खड़ी हो जाएगी। इन दरवाजों पर विज्ञापन की जगह उपलब्ध कराने की भी योजना है। मेट्रो के तीसरे चरण का काम वर्ष 2016 में जाकर पूरा होगा।