Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on May 15, 2013 - 15:00:25 PM


Title - यात्रियों का शताब्दी एक्सप्रेस में हंगामा
Posted by : puneetmafia on May 15, 2013 - 15:00:25 PM

Jhansi | अंतिम अपडेट 15 मई 2013 5:30 AM IST पर
झांसी। कम वेंडरों के कारण नई दिल्ली से भोपाल जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में मंगलवार को समय पर खाना व नाश्ता न परोसे जाने से नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। उन्होंने झांसी में ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रोके रखा। बाद में पांच अतिरिक्त वेंडर ट्रेन में भेजकर व्यवस्था बनाई गई।
रेलवे द्वारा नई दिल्ली से सुबह के समय चलने वाली वीआईपी ट्रेन संख्या 12002 अप शताब्दी एक्सप्रेस के यात्रियों को दिल्ली से ग्वालियर के मध्य चाय, नाश्ता, पानी व ग्वालियर के बाद भोजन परोसा जाता है। इस व्यवस्था को संभालने के लिए ट्रेन में अड़तीस वेंडर तैनात किए गए हैं। मंगलवार को दिल्ली से तेरह वेंडर ही ट्रेन में चढ़े, इस कारण यात्रियों को न तो समय पर पानी और न ही चाय, नाश्ता मिल पाया। आगरा निकलते ही यात्रियों ने अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कोच कंडक्टर रवींद्र कुमार से व्यवस्था को ठीक कराने को कहा, लेकिन उन्होंने असमर्थता जता दी। इसके बाद यात्रियों ने मुरैना व ग्वालियर स्टेशन पर हंगामा कर व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की, लेकिन समस्या का कोई हल नहीं निकल सका। ट्रेन के झांसी में सुबह 10.47 बजे आते ही यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यहां कोई सुनवाई होते न देख सी 7 कोच के यात्रियों ने ट्रेन चलते ही चेन पुलिंग कर दी। इससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
आनन- फानन में मौके पर पहुंचे अफसरों ने स्थिति को देख झांसी से वेंडर रामफल, खेमसिंह, दीपक, जितेंद्र व साकेत को ट्रेन में चढ़ाया। साथ ही व्यवस्था की देखरेख के लिए खानपान निरीक्षक इब्राहिम खान व आर आर तिवारी को साथ भेजा। इसके बाद ही गाड़ी 11.17 बजे गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। गौरतलब है कि इस अव्यवस्था पर दिल्ली से झांसी के मध्य तेरह यात्रियों ने कोच कंडक्टर को लिखित शिकायत दी।