Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 03, 2013 - 00:00:26 AM


Title - रुपये नहीं दिए तो पीटकर ट्रेन से उतारा
Posted by : railgenie on Sep 03, 2013 - 00:00:26 AM

रुपये नहीं दिए तो पीटकर ट्रेन से उतारा

कानपुर, एक प्रतिनिधि: ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर कर रहे हैं और यदि आप ने जीआरपी को सुविधा शुल्क नहीं दिया तो हो सकता है आपकी शुभ यात्रा पर ग्रहण लग जाए। रविवार को सेंट्रल स्टेशन पर कुछ ऐसा ही नजारा दिखा, जब पुणे एक्सप्रेस में दो-दो सौ रुपये न देने वाले यात्रियों को जीआरपी सिपाहियों ने पीटकर ट्रेन से नीचे उतार दिया। हालांकि गुस्साए यात्रियों ने सिपाहियों को दौड़ा लिया और हाथ लगे एक सिपाही को जमकर धुना। इसके बाद जीआरपी थाने का घेराव कर सिपाहियों के खिलाफ तहरीर भी दी।

रविवार को लखनऊ से पुणे जा रही एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 7.52 बजे सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म चार पर आयी। इसी दौरान जीआरपी के तीन सिपाही आए और जनरल कोच में बैठे यात्रियों से दो-दो सौ रुपये लेने लगे। जिस यात्री ने विरोध किया उसे पीटना शुरू कर दिया। कई यात्रियों का सामान प्लेटफार्म पर फेंक दिया और पैसे देने वाले यात्रियों को सीट पर बैठा दिया। इस दौरान ट्रेन चली गई और कई यात्रियों का सामान छूट गया। ट्रेन जाते ही गुस्साए यात्रियों ने सिपाहियों को दौड़ा लिया। दो सिपाही भाग निकले लेकिन एक सिपाही रामअवध यादव हत्थे चढ़ गया, जिसे यात्रियों ने जमकर पीटा। अफरातफरी के बीच ये सिपाही भी यात्रियों से छूटकर भाग निकला। इसके सुनील, सिराज, जितेंद्र, राजीव गुप्ता, अनिल, निजामुद्दीन समेत अन्य यात्रियों ने जीआरपी थाने का घेराव कर सिपाहियों के खिलाफ तहरीर दी।

थप्पड़ मारकर ट्रेन से उतारा

पीड़ित यात्री फैजाबाद निवासी सुनील कुमार, बहराइच के मेराज अली, बस्ती निवासी जितेंद्र कुमार, सिद्धार्थनगर के लवकुश ने बताया कि दो सौ रुपये न देने पर थप्पड़ मारकर ट्रेन से नीचे उतार दिया।

----------------

पुणे एक्सप्रेस के यात्रियों ने तहरीर दी है। सिपाहियों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसपी सोनकर, इंस्पेक्टर जीआरपी थाना सेंट्रल स्टेशन