Indian Railways News => Topic started by railgenie on Jul 04, 2013 - 21:00:46 PM


Title - रेल टिकट काउंटरों पर फैला दलालों का जाल
Posted by : railgenie on Jul 04, 2013 - 21:00:46 PM

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली

रेलवे स्टेशनों पर किस कदर दलालों का जाल फैला हुआ है यह राजधानी के रेलवे स्टेशन पर बने टिकट काउंटर पर देखा जा सकता है। वहीं पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तो रेल टिकट पूरी तरह दलालों के कब्जे में हैं।

यहां आरक्षित टिकट काउंटर हो या सामान्य, सभी जगह दलाल अपना कब्जा जमाए हुए हैं। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। दलाल उनसे वास्तविक किराया से डेढ़ से दो गुना तक ज्यादा पैसा वसूलते हैं।

काउंटर पर भीड़ का उठाते हैं फायदा

सामान्य टिकट काउंटर पर लंबी लाइन लगी रहती है। इसका फायदा उठाते हुए दलाल ब्लैक में टिकट बेचते हैं। ट्रेन छूटने के डर से यात्री ज्यादा पैसे देकर इनसे टिकट खरीदने को मजबूर हैं। पुरानी दिल्ली स्टेशन पर औसतन 20 काउंटर खुलते हैं। वहीं पांच एवीटीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) है। यह यात्रियों की भीड़ की तुलना में काफी कम है।

खुलेआम लगाते हैं आवाज

दलालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह खुलेआम टिकट बेचने के लिए आवाज लगाते रहते हैं। उन्हें न तो रेलवे अधिकारियों का खौफ है और न ही आरपीएफ का डर।

मेन टिकट काउंटर हॉल में तो दलाल ज्यादा सक्रिय है। यहां टिकट काउंटर पर लगी लंबी लाइन में कई आदमी दलालों के होते हैं। वहीं कुछ दलाल कागज व कलम लेकर आवाज लगाते हुए यात्रियों का नाम नोटकर उनसे पैसे लेकर लाइन में लगे अपने आदमी तक कागज पहुंचाते हैं, जो कि काउंटर पर पहुंचकर टिकट खरीदता है। वहीं नजदीक के स्टेशनों के कुछ टिकट वह पहले से खरीदकर रखे रहते हैं।

कर्मचारियों की भी है मिलीभगत

आरक्षित टिकटों की तरह सामान्य टिकटों की कालाबाजारी में भी कुछ रेलवे कर्मचारी शामिल होते हैं। दलाल उसी काउंटर से टिकट खरीदते हैं, जिस पर उसके नेटवर्क में शामिल कर्मचारी की तैनाती होती है। वहां से वह एक साथ कई टिकट खरीद लेता है।

सुरक्षा प्रबंध भी बेअसर

दलालों व अन्य असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, इसके साथ ही आरपीएफ व जीआरपी की भी तैनाती की गई है। बावजूद, यहां दलाल सक्रिय हैं।

बॉक्स में -

उचित कार्रवाई की जाएगी

दलालों पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। विजिलेंस व आरपीएफ की टीम निरीक्षण करती रहती है। शिकायत मिलने पर भी कार्रवाई की जाती है। कई दलाल पकड़े भी गए हैं। यदि सामान्य टिकट खरीदने में भी इस तरह की शिकायत आ रही है तो इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

एएस नेगी, नॉर्दन रेलवे के पीआरओ