Indian Railways News => Topic started by irmafia on Feb 18, 2013 - 21:00:56 PM


Title - रेल सुविधाएं बढ़ाने का आग्रह
Posted by : irmafia on Feb 18, 2013 - 21:00:56 PM

चरखी दादरी : दादरी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ चौकी का उद्घाटन करने व स्टेशन का निरीक्षण करने के लिए रेलवे जयपुर मंडल के जीएम आरसी अग्रवाल शनिवार को यहां विशेष ट्रेन से पहुंचे। अग्रवाल के दादरी पहुंचने से पूर्व ही स्टेशन को दुल्हन की तरह सजाया गया था। दादरी क्षेत्र में रेल गाड़ियों की मांग व अन्य सुविधाओं के लिए विभिन्न संस्थाओं ने मांगपत्र सौंपा। इस पर उन्होंने विचार करने की बात कही।

शनिवार को दादरी रेलवे परिसर में रातों-रात नई सड़क बनाई गई। प्लेटफार्म पर जगह-जगह नए डस्टबिन, शौचालयों में पानी की व्यवस्था, आटो व अन्य वाहनों से भरा रहने वाला रेलवे परिसर खाली-खाली नजर आया। दोपहर एक बजे दादरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे आरसी अग्रवाल ने सबसे पहले स्टेशन के बाहरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक के नए कमरों का निरीक्षण करने के बाद आरपीएफ चौकी का रिबन काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान मां अंजनी संस्थान ने जीएम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। दादरी नगर व्यापार मंडल, आम आदमी पार्टी, दैनिक रेल यात्री संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने मांग की कि कुछ समय पूर्व बंद किए गए सीसीआई फाटक पर अंडरपास बनाया जाए। भिवानी से वाया दादरी होकर दिल्ली व रेवाड़ी से वाया दादरी चंडीगढ़ के लिए ट्रेन की मांग की। संस्थाओं ने बताया कि दादरी में 1994 से पूर्व भी मीटर गेज लाइन होने पर दिल्ली के लिए ट्रेन चलाई जाती थी लेकिन ब्राड गेज लाइन डाले जाने पर इस ट्रेन को बंद कर दिया गया। गरीब रथ का दादरी ठहराव, गन्नौर एक्सप्रेस को जयपुर खड़ी रखने के बजाय दादरी तक बढ़ाने, स्टेशन पर पूछताछ केंद्र बनाने की मांग की। मौके पर पहुंचे सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान ने मांगों का समर्थन करते हुए रेलवे महाप्रबंधक को इन पर विचार करने को कहा। महाप्रबंधक ने भी सभी समस्याओं के जल्द निराकरण व अंडरपास के लिए हरियाणा सरकार द्वारा राशि खर्च करने की बात कही।

ज्ञापन सौंपने वालों में संजय छपारिया, रविंद्र सिंह गुप्ता, महेश गुप्ता, राजकुमार वशिष्ठ, महेंद्र भारद्वाज, शिवकुमार, महेंद्र, हरिराम, भूपेंद्र कौशिक, रिंपी फौगाट, विशाल डूडेजा, सुमित सुहाग, संजीव गोदारा, कुलभूषण गुप्ता, विजय कुमार, पारस डालमिया, राजीव चरखी, नरेश अंचल, विनोद गर्ग, कैलाश गुप्ता इत्यादि शामिल थे।