Indian Railways News => Topic started by sushil on Aug 17, 2013 - 02:57:37 AM


Title - रेलवे आरक्षण केंद्र पर तत्काल सेवा बाधित
Posted by : sushil on Aug 17, 2013 - 02:57:37 AM

नोएडा : सेक्टर-33 स्थित रेलवे आरक्षण केंद्र पर शुक्रवार सुबह भारी बारिश व बिजली कटौती से तत्काल सेवा बाधित हो गई। बिजली कटौती और जनरेटर खराब होने से सुबह 7 बजे से लेकर साढ़े 10 बजे से टिकट की बुकिंग नहीं हो सकी। खासतौर पर सुबह 10 बजे से तत्काल में रिजर्वेशन कराने आए लोगों को निराश लौटना पड़ा। साढ़े दस बजे जब बिजली आपूर्ति हुई, तब तक अधिकतर ट्रेनों में तत्काल कोटा खत्म हो चुका था।
पटना जाने के लिए तत्काल में रिजर्वेशन कराने आए मोहन राय ने बताया कि वह भारी बारिश होने के बावजूद सुबह 7 बजे ही किसी तरह टिकट आरक्षण केंद्र पर पहुंचे थे। यहां आकर पता चला कि बिजली ही नहीं है। जनरेटर खराब होने से टिकट काउंटर ठप पड़ा था। तत्काल में आरक्षण सुबह 10 बजे से शुरू होने को देखते हुए वह बिजली आने का इंतजार करने लगे। इसके बावजूद करीब आधे घंटे बाद बिजली आपूर्ति हुई तब तक उनकी ट्रेन में तत्काल कोटा खत्म हो चुका था।
इस बारे में रेलवे आरक्षण केंद्र के एससी त्यागी ने बताया कि बिजली आपूर्ति नहीं थी और जनरेटर चलाने के लिए कई बार प्रयास किया गया, पर सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि आरक्षण केंद्र पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में टिकट आरक्षण कराने में लोगों को परेशानी नहीं हो।