Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 14, 2013 - 04:00:11 AM


Title - रेलवे का टूटा रिकार्ड, एक दिन में बना 5.04 लाख ई-टिकट
Posted by : puneetmafia on Aug 14, 2013 - 04:00:11 AM

नई दिल्ली (सुनील पाण्डेय): इंडियन रेलवे कैटरिंग एण्ड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) की ई-टिकट वाली वेबसाइट पर 12 अगस्त को पांच लाख से ज्यादा टिकटों की बुकिंग हुई है और यह एक दिन में अब तक की सर्वाधिक टिकटों की बुकिंग है।

आईआरसीटीसी के मुताबिक 'कल 5.04 लाख ई-टिकटों की बुकिंग हुई है जो एक रिकॉर्ड है। रेलवे की सहायक शाखा आईआरसीटीसी ने ज्यादा टिकटों की बुकिंग आसान करने के उद्देश्य से अपनी वेबसाइट को अधिक उन्नत बनाने के लिए 12 करोड़ रूपये निवेश किए हैं। इससे पहले, इसी साल एक मार्च को वेबसाइट के जरिये 5.02 लाख टिकट बुक किए गए थे। पिछले साल प्रति दिन की औसत बुकिंग 3.85 लाख रूपये थी जो अब 4.30 लाख प्रति दिन हो गई है।

आईआरसीटीसी ने कई अहम कदम भी उठाए हैं ताकि उसकी व्यवस्था निर्बाध चल सके। आईआरसीटीसी के प्रवक्ता प्रदीप कुंडू के मुताबिक वर्तमान में 2 हजार टिकट प्रति मिनट की क्षमता है। आगे जो नई तकनीक ईजाद की जा रही है उसके बाद इसकी कैपेसिटी 7 हजार टिकट प्रति मिनट की हो जाएगी। वर्तमान में वेबसाइट पर ट्रैफिक ज्यादा हो रहा है, जिसमें ज्यादा दबाव पूछताछ को लेकर है।

आने वाले कुछ समय में इंक्वायरी और टिकट आरक्षण को अलग कर दिया जाएगा, इसके बाद दबाव अपने आप कम हो जाएगा। इस व्यवस्था पर काम चल रहा है और अगले 2 महीने में पूछताछ की व्यवस्था को अलग कर दिया जाएगा।