Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jun 21, 2012 - 12:00:03 PM


Title - रेलवे की नई समय-सारिणी में हुए कई बदलाव, 1 जुलाई से लागू
Posted by : puneetmafia on Jun 21, 2012 - 12:00:03 PM

इंदौर। रेलवे ने रेल बजट में घोषित इंदौर-यशवंतपुर (बेंगलुरू) साप्ताहिक एक्सप्रेस का टाइम टेबल घोषित कर दिया है। यह ट्रेन हर रविवार रात 8.55 बजे इंदौर से चलेगी और मंगलवार सुबह 11.15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे यशवंतपुर से चलकर गुरुवार सुबह 5.05 बजे इंदौर आएगी। इंदौर-यशवंतपुर एक्सप्रेस का नंबर 19301 और यशवंतपुर-इंदौर एक्सप्रेस का नंबर 19302 रहेगा। हालांकि रेलवे ने अभी यह तय नहीं किया है कि यशवंतपुर एक्सप्रेस कब से चलाई जाए। ट्रेन का मेंटेनेंस इंदौर यार्ड में ही होगा।

19 कोच की रहेगी- नई ट्रेन 19 कोच से चलाई जाएगी। इसमें एक सेकंड एसी, तीन थर्ड एसी, सात स्लीपर, छह जनरल कोच और दो वैन होंगी। यह ट्रेन उज्जैन होकर चलाई जाएगी। ट्रेन का मेंटेनेंस इंदौर यार्ड में ही होगा।

एलएचबी रैक मिलेगा- इंदौर-यशवंतपुर एक्सप्रेस को एलएचबी रैक मिलेगा। भास्कर ने पिछले महीने यह बताया था कि यशवंतपुर एक्सप्रेस नए एलएचबी रैक से चलाई जाएगी। यह रैक तीव्र गति से दौड़ सकता है। आरामदायक और सुंदर होने के साथ इसके डिब्बे दुर्घटना की दशा में एक-दूसरे पर नहीं चढ़ते।

सुबह 4.15 बजे चलेगी रीवा एक्सप्रेस

रेलवे ने इंदौर-रीवा एक्सप्रेस का टाइम टेबल भी घोषित कर दिया है। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली ट्रेन में 12 कोच रहेंगे और केवल बैठने की व्यवस्था रहेगी। पांच सामान्य सीटिंग (रिजर्वेशन), चार जनरल, एक एसी चेयरकार और दो एसएलआर कोच रहेंगे। इंदौर से यह ट्रेन हर मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार को सुबह 4.15 बजे चलेगी और उसी दिन रात 10.30 बजे रीवा पहुंचेगी। रीवा से यह ट्रेन हर बुधवार, शनिवार और रविवार सुबह पांच बजे चलकर उसी दिन रात आठ बजे इंदौर आएगी।

शिप्रा में सफर महंगा होगा

रेलवे ने सप्ताह में तीन दिन चलने वाली इंदौर-हावड़ा शिप्रा एक्सप्रेस को सुपरफास्ट का दर्जा देने की तैयारी शुरू कर दी है। सुपरफास्ट ट्रेन बनने के बाद शिप्रा में यात्रियों से सुफरफास्ट चार्ज के नाम पर अतिरिक्त पैसा वसूला जाएगा। अब सामान्य सीटिंग के टिकट पर यात्रियों से आठ रु., स्लीपर में 20 रु., थर्ड और सेकंड एसी में 30 रु. प्रति यात्री अतिरिक्त लिए जाएंगे। रेलवे का अनुमान है इस ट्रेन को सुपरफास्ट बनाने से हर साल अतिरिक्त राशि के रूप में 80 लाख रु. मिलेंगे।

मीटरगेज ट्रेनों को छह अतिरिक्त कोच- 1 जुलाई से लागू हो रहे नए टाइम टेबल में इंदौर/महू से मीटरगेज की तीन ट्रेनों के समय बदले जा रहे हैं। इनमें फतेहाबाद-महू पैसेंजर, महू-रतलाम पैसेंजर और अकोला-महू पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं। रेल सूत्रों का कहना है फतेहाबाद-महू पैसेंजर के महू जल्दी पहुंचने से दूसरी ट्रेनों के लिए छह अतिरिक्त कोच उपलब्ध हो सकेंगे।

नई समय सारिणी में कई बदलाव, नहीं बदला इंदौर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस का समय

रेलवे ने 1 जुलाई से नई समय सारिणी के अनुसार ट्रेनों का संचालन करने की तैयारियां कर ली हैं। इस फेरबदल से इंदौर, महू, उज्जैन, नागदा और रतलाम स्टेशनों पर आने-जाने वाली कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। बड़े बदलाव के तहत इंदौर-पुणो एक्सप्रेस अब दोपहर 2 बजे के बजाय 2.30 बजे इंदौर से रवाना होगी, इंदौर-मुंबई अवंतिका एक्सप्रेस दोप. 3.50 के बजाय शाम 4.05 बजे रवाना होगी। साप्ताहिक इंदौर-त्रिवेंद्रम अहिल्यानगरी एक्सप्रेस शाम 4.05 के बजाय 4.40 बजे चलेगी। रेलवे ने सप्ताह में दो दिन चलने वाली इंदौर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस के समय में कोई फेरबदल नहीं किया है।