| रेलवे टिकट खरीद-बिक्री में दलाल गिरोह सक्रिय by puneetmafia on 27 May, 2013 - 12:00 AM | ||
|---|---|---|
puneetmafia | रेलवे टिकट खरीद-बिक्री में दलाल गिरोह सक्रिय on 27 May, 2013 - 12:00 AM | |
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : रेलवे टिकट बुकिंग काउंटर से तत्काल टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर यात्रियों से मनचाहा पैसे वसूलने वाले गिरोह सक्रिय हैं। इसका खुलासा तब हुआ जब भाजापा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राकेश राउत 22 मई को दिन के 10 बजे टिकट बुकिंग के लिए नोवामुंडी रेलवे स्टेशन पहुंचे। टिकट काउंटर पर उस दौरान डागोवापोसी स्टेशन के क्लर्क शिवकुमार प्रभारी क्लर्क की कुर्सी पर बैठे हुए थे। मौके पर पहुंचे कोलकाता के दलाल को एकमुश्त टिकट आधे घंटे के भीतर थमा दिया गया। जबकि काउंटर पर खड़े अन्य यात्रियों को टिकट खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया गया। ठीक इसी समय सहायक स्टेशन मास्टर संजीत कुमार भी पहुंच गए थे। उनके निवेदन पर भी ग्राहकों को टिकट नहीं मिले। इससे नाराज लोगों ने क्लर्क को जमकर फटकार लगाई। बाद में क्लर्क ने यह कहकर सबसे माफी माग ली कि हमसे भूल हो गई है। अगली बार ऐसा नहीं होगा। रेलवे कर्मचारियों ने दबी जबान में बताया कि नोवामुंडी, बड़ाजामदा, गुवा, बड़बिल आदि छोटे स्टेशनों पर भी इस तरह के धंधे चलते हैं। इस कारोबार में क्लर्क को एक सौ से दो सौ रुपये तक अतिरिक्त मिल जाते हैं। नोवामुंडी स्टेशन कॉलोनी क्वार्टर मे रहकर कारोबार कर रहे दलाल अपने साथ लैपटॉप समेत प्रिंटर भी रखे हैं। जरूरत पड़ने पर मेल आइडी के जरिये यात्री का परिचय पत्र मंगाकर टिकट खरीद कर भेज देते हैं। राकेश राउत ने इसकी जाचकर इसमें संलिप्त विभागीय अधिकारी व दलाल के खिलाफ कार्रवाई की माँग रेल प्रशासन से की है। | ||