Indian Railways News => Topic started by greatindian on Sep 08, 2013 - 02:56:43 AM


Title - रेलवे ने दी एक और नई सुविधा, ऑनलाइन बुक कर सकेंगे डॉरमेट्री व रिटायरिंग रूम
Posted by : greatindian on Sep 08, 2013 - 02:56:43 AM

बिलासपुर। आने वाले दिनों में आप जोन के रेलवे स्टेशनों में उपलब्ध रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री की बुकिंग ऑनलाइन करा सकेंगे। यह सुविधा आईआरसीटीसी द्वारा दी जानी थी, लेकिन देशभर के स्टेशनों की जानकारी तैयार करने में समय लग रहा है। नतीजतन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अपने स्तर पर यात्रियों को ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा देने की योजना बनाई है। यह सुविधा अगले तीन महीने के भीतर लागू होगी।

312 रेलवे स्टेशन वाले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 26 स्टेशन ऐसे हैं, जहां यात्रियों को प्लेटफार्म में ही ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो रही है। बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव जैसे 8 स्टेशन ऐसे हैं, जहां रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री दोनों की सुविधा हासिल हो रही है। इस सुविधा को हासिल करने के लिए संबंधित रेलवे स्टेशन पर पहुंचने की अनिवार्यता है।

रेल प्रशासन अब इसी अनिवार्यता को समाप्त करते हुए ऑन लाइन बुकिंग की सुविधा देने जा रही है। इसके लिए सीसीएम प्रकाश राव वाजलवार ने बिलासपुर, रायपुर और नागपुर डिवीजन को अपने-अपने क्षेत्र के स्टेशनों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी तय फार्मेट में भेजने के निर्देश दिए हैं। डिवीजन जल्द बताएंगे कि उनके क्षेत्र के किस रेलवे स्टेशन में डॉरमेट्री या रिटायरिंग रूम की सुविधा है। यह भी बताएंगे कि कुल कितने बेड या कमरे मौजूद हैं। यहां ठहरने वालों को मिलने वाली टीवी, एसी सहित अन्य सुविधाओं की भी जानकारी तैयार की जाएगी। इसी जानकारी को रेल प्रशासन एसईसीआर के वेब साइट पर अपलोड करेगा। रेल प्रशासन की तैयारी है कि अपलोड करने का काम अगले दो महीने में पूरा कर लिया जाए, ताकि 1 दिसंबर से ऑन लाइन बुकिंग शुरू हो सके।

रिटायरिंग रूम में सुविधाओं की कमी

जोन के स्टेशनों में उपलब्ध रिटायरिंग रूम में सुविधाओं का भारी अभाव है। इसे बिलासपुर डिवीजन की स्थिति से समझा जा सकता है। यहां बिलासपुर और रायगढ़ स्टेशन में रिटायरिंग रूम उपलब्ध है। रेल प्रशासन ने एसी रूम का किराया हजार रुपए तो नॉन एसी का किरया 500 रुपए तय किया है। दिलचस्प है कि एसी रूम में एसी के अलावा और कोई दूसरी सुविधा नहीं है। मसलन टीवी, रूम सर्विस आदि। नॉन एसी रूम में तो कूलर तक की सुविधा नहीं है। पंखा और बेड और टॉयलेट की सुविधा के लिए 500 रुपए का किराया ज्यादा है। शहर में ऐसे दर्जनों होटल और लॉज हैं, जहां 500 रुपए प्रति दिन के किराए पर कूलर, टीवी और रूम सर्विस जैसी सुविधा के साथ कमरा किराए पर मिल जाता है। ऐसे में टीवी, कूलर के अलावा रूम सर्विस जैसी जरूरी सुविधाओं की जरूरत महसूस की जा रही है।

घट गई आमदनी: सुविधा नहीं होने के बाद भी किराए में तीन गुना वृद्धि से बिलासपुर डिवीजन में रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री की बुकिंग घट गई है, जिसका सीधा असर रेलवे की आय पर पड़ रहा है। वर्ष 2011 तक हमेशा फुल रहने वाले डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम अब महीने में 10 ही दिन बुक हो पा रहे हैं। इन स्टेशनों में है सुविधा: बिलासपुर, रायगढ़, रायपुर, दुर्ग, भाठापारा, गोंदिया, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, बालाघाट, सिवनी, इतवारी, चांपा, शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रा, भंडारारोड एवं हावबाग।

क्या है लाभ

वर्तमान में यात्रियों को डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम की सुविधा संबंधित स्टेशन में पहुंचने पर हासिल हो रही है। ऐसे में संशय की स्थिति रहती है कि स्टेशन पहुंचने पर सुविधा हासिल होगी कि नहीं। रेल प्रशासन ऑन लाइन बुकिंग की सुविधा रिजर्वेशन की तर्ज पर दो महीने पहले उपलब्ध कराएगा। यात्री दो महीने पहले ही संबंधित स्टेशन में अपने ठहरने की सुविधा सुनिश्चित कर सकेंगे।

॥यात्रियों की सुविधा के लिए जोन के रेलवे स्टेशनों में उपलब्ध डॉरमेट्री एवं रिटायरिंग रूम को ऑन लाइन किया जा रहा है। यात्री अगले दो महीने में एसईसीआर की साइट से ठहरने की सुविधा हासिल कर सकेंगे।
आरके अग्रवाल, सीपीआरओ, एसईसीआर