Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Nov 23, 2012 - 00:00:05 AM


Title - रेलवे फ्रेट कारीडोर : जमीन अधिग्रहण के लिए अधिसूचना
Posted by : puneetmafia on Nov 23, 2012 - 00:00:05 AM

बल्लभगढ़ :रेलवे की वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कारीडोर परियोजना के लिए रेलवे ने 19 गांवों की जमीन अधिग्रहण के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इन सभी किसानों की जमीन परियोजना के लिए अधिग्रहीत की जानी है।वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कारीडोर परियोजना के लिए रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में बल्लभगढ़ खंड के गांव प्रहलादपुर माजरा डीग, फतेहपुर बिल्लौच, लडौली, बहबलपुर, फफूंदा, दयालपुर, मच्छगर, बुखारपुर, नवादा तिगांव शामिल है। जबकि फरीदाबाद खंड के गांवों में तिगांव, नीमका, सदपुरा, फरीदपुर, खेड़ीकलां, नचौली, भोपानी, ढाढर, महावतपुर, लालपुर के किसान शामिल हैं। अब इस किसानों की जमीन का अवार्ड सुनाया जाना है। पिछली बार अधिसूचना जारी होने पर रेलवे के समक्ष 128 आपत्तियां आई थीं। रेलवे उसके निष्पादन की बात कह रहा है।

क्या है फ्रेट कारीडोर परियोजना

वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कारीडोर परियोजना के तहत दादरी, फरीदाबाद, रेवाड़ी से मुंबई तक माल ढोने के लिए अलग से रेलवे लाइन निकालने की योजना है। यह फरीदाबाद, पलवल से होते हुए रेवाड़ी तक जाएगी। रेवाड़ी से राजस्थान होती हुई मुंबई जाएगी। इसके लिए अभी भूमि अधिग्रहण की योजना चल रही है

किसानों में इससे नाराजगी

फ्रेट कारीडोर परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण संबंधी अधिसूचना जारी होने के बाद संबंधी गांवों के किसानों में नाराजगी है। परियोजना से संबंधित किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष पंडित मकरंद शर्मा फतेहपुर बिल्लौच का कहना है कि अधिसूचना के माध्यम से उन्हें पता चल रहा है कि सभी 128 शिकायतों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि परियोजना के अधिकारियों ने किसानों के साथ कोई बैठक ही नहीं की है और न ही कुछ लिखित में दिया है। जब तक विभाग किसानों को पूरी तरह से संतुष्ट नहीं करेगा, वे परियोजना का काम शुरू नहीं करने देंगे।