Indian Railways News => Topic started by Jitendar on Apr 05, 2013 - 21:00:38 PM


Title - रेलवे बोर्ड की साफ- सफाई टीम ने लिया स्टेशन का जायजा
Posted by : Jitendar on Apr 05, 2013 - 21:00:38 PM

Jhansi | Last updated on: April 5, 2013 5:30 AM IST


झांसी। रेलवे बोर्ड द्वारा नियुक्त साफ सफाई कमेटी के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को झांसी व ग्वालियर स्टेशन का जायजा लिया। तीन सदस्यीय टीम ने झांसी स्टेशन के निरीक्षण के बाद साफ- सफाई पर संतोष जताया। हालांकि, उन्होंने पटरियों के बीच और सफाई पर बल दिया। साथ ही कुछेक सामान्य खामियों को सुधारने के निर्देश दिए।
रेलवे बोर्ड साफ- सफाई के मामले में सर्वश्रेष्ठ स्टेशन के चयन के लिए सभी जोन के प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का सर्वे करा रहा है। इसके लिए प्रत्येक जोन में एक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी अपने जोन के चिह्नित स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का जायजा ले रही है। कमेटी द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर जोन के श्रेष्ठ स्टेशन का चयन होगा। चयनित स्टेशन का नाम रेलवे बोर्ड के पास भेज दिया जाएगा। इसके बाद रेलवे बोर्ड सभी जोन से आई सूची के आधार पर देश भर में सर्वश्रेष्ठ स्टेशन का चयन करेगा।
इसी प्रक्रिया के तहत गुरुवार को तीन सदस्यीय कमेटी के सदस्य उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एम एल घोष, उप मुख्य अभियंता (योजना) एस के गुप्ता व उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक पी के समाधिया ग्वालियर स्टेशन का निरीक्षण करने के उपरांत हीराकुंड एक्सप्रेस से झांसी आए। सदस्यों ने प्लेटफार्म, रेलवे परिसर व यात्री विश्रामालय की साफ- सफाई व अन्य सुविधाओं को दुरुस्त बताया। हालांकि, प्लेटफार्म 2/3 पर पटरियों की बीच गंदगी देख उन्होंने सुधार के निर्देश दिए। प्लेटफार्म एक पर कर्मचारियों द्वारा हाथ से की जा रही सफाई को देख उन्होंने इसे मशीन की सहायता से करने को कहा। इसके बाद मशीनों से सफाई शुरू कर दी गई। प्लेटफार्म- एक के गेट क्रमांक तीन पर बने स्टाल पर खानपान सामग्री के रेट व कप में चाय की मात्रा की जांच की। आरक्षण कार्यालय में मिली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त की। इसके अलावा कमेटी ने लॉ फास्ट फूड प्लाजा में एसी चालू रखने, कीट पतंगाें को मारने वाला यंत्र लगाने, सभी विभागों को दर्शाने वाले साइन बोर्ड सही तरीके से लगाने व कर्मचारियों को नेमप्लेट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही दर्शनीय स्थलों के पुराने पोस्टर के स्थान पर नए पोस्टर लगाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मंडल वाणिज्य प्रबंधक पी के शर्मा, स्टेशन प्रबंधक एस के गौतम, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक वी के लाल, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ए के जैन, संजीव जाटव, ए के नगाइच, गुरुदेव, सुखदेव, इब्राहीम, ए एस नगाटे, पी के शर्मा, अजय दुबे आदि मौजूद थे।

... तो क्या टीम आने पर पंखा चलाओगे
रेलवे बोर्ड की टीम साफ- सफाई का जायजा लेने के क्रम में बुकिंग कार्यालय पहुंची। यहां हॉल में लगे सभी पंखे बंद पड़े थे। टीम के आने पर कर्मचारियों ने पंखों को ऑन किया। गर्मी में पसीना से तरबतर यात्रियों को देख टीम ने अफसरों से कहा कि क्या टीम आने पर ही यहां के पंखे चलेंगे? बुकिंग हाल में लगे कूलिंग प्लांट के बारे में पूछा गया तो बताया गया कि वह पिछले पंद्रह साल से बंद पड़ा है। इस पर कमेटी हर समय पंखे चलाने के निर्देश दिए ताकि टिकट लेने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।

अन्य स्टेशनों से बेहतर मिलीं सुविधाएं
झांसी। इस टीम को जोन में आने वाले कानपुर, आगरा, मथुरा, इलाहाबाद, ग्वालियर, मिर्जापुर व झांसी स्टेशन की यात्री सुविधाओं का जायजा लेने के निर्देश मिले हैं। टीम के सदस्य अब तक कानपुर, मथुरा, आगरा, ग्वालियर स्टेशन का निरीक्षण कर चुके हैं। इन स्टेशनों को देखने के बाद सदस्यों ने माना कि अन्य स्टेशनों की तुलना में झांसी में यात्री सुविधाएं व रखरखाव बेहतर स्थिति में हैं।