Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on May 30, 2013 - 18:00:25 PM


Title - रेलवे स्टेशन की शिफ्टिंग की संभावनाएं तलाशी
Posted by : puneetmafia on May 30, 2013 - 18:00:25 PM

देहरादून रेलवे स्टेशन को हर्रावाला या किसी और स्थान पर शिफ्ट किए जाने को लेकर बुधवार को एमडीडीए व रेलवे के अधिकारियों के मध्य प्रारंभिक स्तर की वार्ता हुई। इस दौरान उन तमाम संभावनाओं पर विचार हुआ, जिनके जरिये रेलवे स्टेशन को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा सके। एमडीडीए उपाध्यक्ष आर मीनाक्षी सुंदरम के अनुसार इस बैठक में रेलवे अधिकारियों को बुलाने के पीछे उद्देश्य यही था कि उनसे शिफ्टिंग को लेकर सामने आने वाली तकनीकि परेशानियों पर भी चर्चा हो सके।
बुधवार को एमडीडीए सभागार में एमडीडीए अधिकारियों व रेलवे के मुरादाबाद डिवीजन से आए सीनियर इंजीनियर रैंक के अधिकारियों के मध्य वार्ता हुई। एमडीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि एमडीडीए को शासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि वर्तमान रेलवे स्टेशन की शिफ्टिंग के लिए शुरुआती खाका तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में इसकी शिफ्टिंग के प्रति ठोस कार्रवाई की जा सके।
अगर रेलवे स्टेशन हर्रावाला शिफ्ट होता है तो न केवल वर्तमान स्टेशन क्षेत्र पर यातायात दबाव कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि दून से हर्रावाला के बीच पड़ने वाली सात रेलवे क्रासिंग के झंझट से भी लोगों को मुक्ति मिलेगी। इसके विकल्प के तौर पर बाद में यहां एक्सप्रेस वे विकसित किया जा सकता है, जिससे बमुश्किल दस मिनट में हर्रावाला तक का सफर तय किया जा सकेगा।
एमडीडीए इस परियोजना पर कंसलटेंट यूडैक से प्लान तैयार करा रहा है। इसके लिए यूडैक ने तीन विकल्प एमडीडीए को दिए हैं।
ये हैं विकल्प
-हर्रावाला में पूरी तरह शिफ्ट किया जाए रेलवे स्टेशन
-अलग-अलग स्थानों पर शिफ्ट हो रेलवे स्टेशन, वर्कशॉप आदि।
-हर्रावाला से कुछ और दूरी पर बसाएं रेलवे स्टेशन ताकि इसके आसपास मॉडल शहर भी विकसित किया जा सके।
नॉर्दर्न रेलवे मैन्स यूनियन देहरादून शाखा के सचिव उग्रसैन ने दून रेलवे स्टेशन की शिफ्टिंगका विरोध किया है। उनका कहना है कि इस शिफ्टिंग के बजाय वर्तमान रेलवे स्टेशन का ही सौंदर्यीकरण किया जाए।