Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on May 31, 2013 - 00:00:15 AM


Title - रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थायें ही अव्यवस्थायें
Posted by : eabhi200k on May 31, 2013 - 00:00:15 AM

कस्बा भरगैन की बल्लूपुर रेलवे स्टेशन अव्यवस्थाओं के घेरे में है। इस स्टेशन पर लम्बे समय से यात्री सुविधाओं का अभाव है। रेलवे स्टेशन पर सबसे बड़ी असुविधा तो सिंगल टिकट विंडो को लेकर है। एक ही विंडो से पुरुष और महिला यात्रियों को टिकट वितरित किए जाते हैं। जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कस्बा वासियों ने प्लेटफार्म पर सुविधाएं बढ़ाए जाने की माँग की है।
रेलवे स्टेशन पर एक ही टिकट विंडो होने के कारण टिकट लेने वालों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती है। और अगर इस दौरान ट्रेन प्लेटफार्म पर आकर खड़ी हो जाती है, तब यात्री ट्रेन की यात्रा के चक्कर में बिना टिकट यात्रा करना ही मुनासिब समझते है। क्योंकि अगर ट्रेन छूटती है, तब दूसरी ट्रेन दोपहर या रात्रि में है। कासगंज व कानपुर के ट्रैक पर वैसे भी ट्रेनों की कमी है। इस व्यवस्था के चलते अगर एक अतिरिक्त टिकट विंडो चालू कर दी जाए तो यात्रियों को बड़ी सहूलियत होगी। वहीं राजस्व का नुकसान भी रोका जा सकेगा। स्टेशन पर स्टाफ कम होने के कारण अक्सर एक ही व्यक्ति राकेश बाबू को टिकट वितरण और ट्रेनों के परिचालन का कार्य करना पड़ता है।
भरगैन के चेयरमैन अब्दुल्ला खान,सभासद फौजी सफी खान, मास्टर अनवार अली, रिहान खान, ताहिर खान, संदीप, अवनीश, रोहित, पंकज कुमार, मोहित, संजय, राम कुमार, नरेश चन्द्र, रमेश सिंह आदि ने रेलवे स्टेशन पर शीघ्र यात्री सुविधाएं बढ़ाये जाने की मांग की है।
निर्माण में भी धांधली
चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण को लेकर निर्माणाधीन प्लेटफार्म पर सेर्म इंटों का उपयोग हो रहा है, जबकि बिल में अब्बर्ल इंटों को दर्शाया जा रहा है। कस्बा भरगैन के नागरिकों सहित दर्जनभर ग्रामीणों ने मानक के अनुरुप बल्लूपुर रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य करने की मांग रेलवे प्रशासन के आइ.डब्ल्यू फतेहगढ़ से की है।
कई स्थानों पर टूटी पड़ी है रेलिंग
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे द्वारा लगायी गई रेलिंग रेलवे परिसर में कई स्थानों पर टूटी पड़ी है, आवारा पशु टूटी हुई रेलिंग के रास्ते से निकलकर रेलवे स्टेशन पर घूमते फिरते है।
विद्युत और सफाई व्यवस्था बदहाल
बल्लूपुर पर प्लेटफार्म पर यात्री प्रतीक्षालय में प्रकाश व्यवस्था, गर्मी से निजात पाने के लिए पंखों की व्यवस्था काफी दयनीय स्थिति में है। इस वक्त प्रतीक्षालय में पंखे खराब पड़े है। रात्रि में रेलवे स्टेशन पर लाइटें खराब होने से अंधेरा रहता है। वहीं स्टेशन की सफाई व्यवस्था भी बदहाल स्थिति में है।
हैंडपंप सुचारु नहीं
बल्लूपुर रेलवे स्टेशन परिसर में लगे महज तीन हैंडपंपों में से दो हैंडपंप ही सुचारु है, जबकि एक हैंडपंप खराब पड़ा है। तपिश भरी गर्मी में यात्रियों की प्यास नहीं बुझ पा रही है। पानी पीने के लिए यात्रियों की दूसरे हैंडपंपों पर कतारें लग जाती है। इस समय यात्री शुद्ध पेय को तरस रहे है।