Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 03, 2013 - 08:59:22 AM


Title - रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी
Posted by : nikhilndls on Aug 03, 2013 - 08:59:22 AM

सोनीपत रेलवे स्टेशन पर इन दिनों सुंदरीकरण की प्रक्रिया जोरों पर है, मगर इस दौरान सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है। स्टेशन के प्रवेश द्वार पर शेड लगाने व दीवारों के निर्माण के दौरान किसी तरह का बैरिकेड नहीं लगाया गया है। निर्माण करने वाली एजेंसी ने महज कुछ बांस की बल्लियां लगाकर खानापूर्ति कर ली है। इसकी वजह से इस रास्ते से होकर गुजरने वाले यात्री कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं।
दरअसल सोनीपत स्टेशन के प्रवेश द्वार के ऊपर शेड लगाए गए हैं। वहीं दीवार आदि खींचे जाने की भी प्रक्रिया चल रही है। मगर इन निर्माण कार्य के दौरान बैरिकेड आदि नहीं लगाया गया है। रोचक बात यह है कि शेड लगाने की प्रक्रिया के दौरान भी यात्री उसी रास्ते से होकर आवाजाही कर रहे थे। जबकि सुरक्षा मानकों के अनुसार, निर्माण स्थल पर चारोँ ओर बैरिकेड लगा देना चाहिए, ताकि कोई भी उस रास्ते से होकर नहीं गुजर सके।
दैनिक यात्री रामनिवास, राकेश, पीयूष ने बताया कि निश्चित तौर पर इन कामों में सुरक्षा मानकों का ख्याल रखना चाहिए। क्योंकि शेड लगाने के दौरान किसी भी तरह की चूक एक बड़े हादसे का सबब बन सकती है। इस तरह की परेशानी से बचने के लिए बैरिकेड लगाना आवश्यक है।
क्या कहते हैं रेलवे प्रवक्ता
दिल्ली मंडल के रेलवे प्रवक्ता अजय माइकल ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर किसी भी तरह के निर्माण की प्रक्रिया के दौरान उस स्थल पर यात्रियों की चहल-पहल बंद होना चाहिए। क्योंकि ऐसे स्थलों पर गड्ढे या फिर लोहे के सामान आदि के गिरने का खतरा बना रहता है। सोनीपत रेलवे स्टेशन के निर्माण स्थल पर काम पूरा होने तक उस रास्ते को बंद कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस मामले में वे संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देंगे।