Indian Railways News => Topic started by messanger on Sep 05, 2013 - 09:00:34 AM


Title - रेलवे स्टेशन में स्टॉल सील करने को ले बवाल
Posted by : messanger on Sep 05, 2013 - 09:00:34 AM

पश्चिम मेदिनीपुर जिलांतर्गत खड़गपुर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित चार स्टॉल्स को रेलवे प्रशासन द्वारा किराया बकाया रहने के आरोप में सील कर दिए जाने को ले बुधवार को दिन भर नाटकीय घटनाक्रम चलता रहा। विभिन्न यूनियनों के बैनर तले वेंडर और केटरिंग हेल्पर हड़ताल पर रहे। इसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताते चलें कि किराया बकाया रहने के आरोप में रेलवे प्रशासन ने मंगलवार को खड़गपुर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित चार स्टॉल्स को सील करने की कोशिश की थी। हालांकि एक को सील करने के बाद ही यूनियनों के कड़े विरोध के चलते अभियान दल को बैरंग वापस लौट जाना पड़ा। अलबत्ता बुधवार की सुबह प्रशासन ने शेष तीन स्टॉल्स को भी सील कर दिया। इससे स्टेशन पर कार्यरत करीब तीन सौ वेंडर और केटरिंग हेल्परों ने बुधवार को दुकानें नहीं खोली, वहीं इंटक, इंटटक और एटक के बैनर तले विरोध-प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि रेलवे को अग्रिम किराये का भुगतान किए जाने के बावजूद अन्यायपूर्ण तरीके से प्रशासन ने स्टॉल्स को सील किया है। इधर स्टॉल्स नहीं खुलने से रेल यात्रियों को खान-पान की चीजों के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि रेलवे और आइआरसीटीसी की कैंटीनें खुली रही, लेकिन यात्रियों की संख्या के मद्देनजर यह अपर्याप्त साबित हुई। बुधवार को अपराह्न यूनियनों की ओर से एक प्रतिनिधि मंडल ने खड़गपुर के डीआरएम गौतम बनर्जी से मुलाकात भी की। हालांकि किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका। इस संबंध में खड़गपुर रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्यिक प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि मामले में रियायत की कोई गुंजाइश नहीं थी, इसीलिए यह कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने उन्होंने कहा कि यात्रियों को हो रही परेशानियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।