Indian Railways News => Topic started by irmafia on Apr 08, 2013 - 18:00:20 PM


Title - रेलवे हेल्पलाइन नंबरों से करेगा यात्रियों की सुरक्षा
Posted by : irmafia on Apr 08, 2013 - 18:00:20 PM

रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए उत्तर रेलवे दया बस्ती में आधुनिक कॉल सेंटर स्थापित करेगा। इसके अलावा महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे अलग से  24 घंटे चलने वाला टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर प्रारंभ करेगा।

इस पर महिला यात्री यौन उत्पीडऩ सहित किसी भी तरह की अप्रिय घटनाओं की शिकायत दर्ज करा सकती हैं। शिकायत करने वाले का नाम गुप्त रखते हुए हेल्पलाइन अधिकारी यूनिक नंबर देंगे।

इसके द्वारा पीडि़ता शिकायत की जांच करने वाले अधिकारी के नाम, फोन नंबर और शिकायत पर की गई कार्रवाई का पूरा ब्यौरा जान सकती हैं।

इस प्रोजेक्ट से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी ने अपना नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि इस टोल फ्री नंबर के जारी होने के बाद महिलाओं के प्रति यात्रा के दौरान और स्टेशनों पर होने वाले अपराधों में कमी आएगी। कई बार पीडि़त जानकारी के अभाव एवं समय लगने की बात सोचकर शिकायत दर्ज नहीं कराते थे।

उन्होंने कहा कि  विभाग ने कॉल सेंटर स्थापित करने के लिए दूरसंचार विभाग से तीन अंकों का नंबर मांगा है। हेल्पलाइन के लिए एक कॉल सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए आरपीएफ के 250 महिला व पुरुष जवानों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

इस कॉल सेंटर को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर मुहैया करवाएगा। अगर कोई शिकायत चलती गाड़ी से आती है तो मामले को संज्ञान में लेते हुए अगले स्टेशन पर स्टेशन मास्टर को संदेश देकर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।