Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Jun 30, 2013 - 12:00:43 PM


Title - वाया भोपाल एलटीटी से 20 घंटे में दिल्ली
Posted by : riteshexpert on Jun 30, 2013 - 12:00:43 PM

मुंबई. मंगलवार से एलटीटी-हजरत निजामुद्दीन के बीच एसी सुपरफास्ट सेवा (साप्ताहिक गाड़ी) की शुरुआत हो रही है. राजधानी की तर्ज पर शुरू की जा रही यह गाड़ी हर मंगलवार को दिन में 2.30 बजे एलटीटी तथा हर बुधवार को अपराह्न 3.50 बजे निजामुद्दीन से छूटेगी. यह गाड़ी (22109-22110) बुधवार सुबह 10.20 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी. वापसी में गुरुवार को 11.50 बजे एलटीटी आएगी.

एलटीटी-निजामुद्दीन के बीच इस गाड़ी को मात्र 6 हाल्ट (नासिक, भुसावल, भोपाल, झांसी, ग्वालियर और आगरा कैंट) दिए गए हैं. जिसमें एसी थर्ड के 10, एसी सेकेंड के 3 तथा एसी फस्र्ट के एक डिब्बे का समावेश होगा. 16 डिब्बे की इस गाड़ी में दो एसएलआर सह जनरेटर होंगे.  इस रूट से दिल्ली के लिए अभी तक की सबसे फास्ट गाड़ी एलटीटी हरिद्वार एसी सुपरफास्ट है, जो 23 घंटे 15 मिनट में एलटीटी से दिल्ली पहुंचती है. मंगलवार से शुरू हो रही एलटीटी-हजरत निजामुद्दीन एसी सुपरफास्ट लगभग 20 घंटे में यह दूरी तय कर लेगी. मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ए. के. सिंह की मानें तो इस गाड़ी के शुरू होने से सेंट्रल रूट के लोगों को काफी सुविधा होगी.

कल्याण में हाल्ट नहीं

इस गाड़ी को कल्याण में हाल्ट न दिए जाने से आसपास के लोगों को काफी निराशा हुई है. अग्रवाल समाज,  कल्याण के अनिल गर्ग और जितेन्द्र गुप्ता ने इस गाड़ी को कल्याण स्टेशन पर भी हाल्ट दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे न केवल ठाणे, नवी मुम्बई, बदलापुर, कर्जत, कसारा व आसपास के लोगों को सुविधा होगी, बल्कि पुणे के लोगों को भी काफी आसानी होगी.

आंदोलन की चेतावनी

यात्री सेवा सुविधा संगठन के प्रमुख पारसनाथ तिवारी ने कहा कि अगर इस गाड़ी को कल्याण में हाल्ट नहीं दिया जाएगा, तो तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा. बकौल तिवारी कल्याण व आसपास के लोगों को गाड़ी पकडऩे के लिए अगर एलटीटी जाना पड़ेगा, तो लोग इस गाड़ी की अपेक्षा थोड़ा और आगे जाकर मुम्बई सेंट्रल से राजधानी पकडऩा ज्यादा पसंद करेंगे.

टाटा की बिजली महंगी

टाटा पॉवर की बिजली दरों में 25 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हो जाने से मुम्बईकरों को जोर का झटका लगा है. मर्क ने आगामी तीन वर्षों के लिए टाटा पॉवर की बिजली दर को मंजूरी दे दी है, जिससे सस्ती बिजली का राग अलापने वाले टाटा पॉवर कार्पोरेशन की कलई खुल गई है. नई दर 1 जुलाई से प्रभावी होगी.

वर्ष 2013-14 में टाटा पॉवर की घरेलू बिजली जहां 25 प्रतिशत महंगी होगी, वहीं वर्ष 2014-15 में 15 तथा 2015-16 में ग्राहकों को 11 प्रतिशत का झटका लगेगा. महानगर में टाटा के लगभग 3 लाख घरेलू ग्राहक हैं, जिनके बिल में अगले महीने से एक चौथाई बढ़ोत्तरी हो जाएगी.

इतना ही नहीं, बल्कि औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों को भी टाटा ने तगड़ा झटका दिया है. 2013-14 में इस वर्ग के ग्राहकों पर 23 से 39 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी थोपी गई है. इसी तरह वर्ष 2014-15 में 9 से 13 प्रतिशत तथा वर्ष 2015-16 में 4 से 8 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होगी.

दर वृद्धि के मामले में रेलवे को भी बख्शा नहीं गया है. वर्ष 2013-14 में रेलवे की बिजली दर में 21 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई है. इसी तरह वर्ष 2014-15 तथा 2015-16 में क्रमश: 12 तथा 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की जाएगी.