Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Dec 29, 2012 - 06:00:38 AM


Title - वाहन चोरी रोकेगा रेलवे मुख्यालय में पास सिस्टम
Posted by : RailXpert on Dec 29, 2012 - 06:00:38 AM

साठ करोड़ रुपए के रेलवे मुख्यालय की पार्किंग से वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं से यहां की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले दिनों पार्किंग से कुछ दुपहिया वाहन तो कुछ के पाट्र्स चोरी हो गए थे। चोरी की इन घटनाएं रोकने के लिए मुख्यालय में पार्किंग का नया सिस्टम लागू किया गया है। इसको लेकर भी रेल कर्मचारी परेशान हैं। नए नियम के तहत मुख्यालय की पार्किंग में पासधारियों के वाहन ही पार्क हो सकेंगे।

अन्य मंडलों या स्टेशनों से आने वाले कर्मचारी और आगंतुक अपने वाहन पार्किंग में खड़ा नहीं कर सकेंगे। उनके वाहन मुख्यालय के पीछे के मुख्य द्वार के ठीक सामने खड़े होंगे। इसके लिए रेलवे प्रशासन ने मुख्य द्वार पर ही ताला लगा दिया। इस महीने की 11 तारीख को बिजली विभाग के एक कर्मचारी की बाइक पार्किंग से चोरी हो गई थी। इससे पहले भी यहां चोरी होने की कई घटनाएं हो चुकी है। रेल कर्मचारियों ने महाप्रबंधक से मिलकर वाहनों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की थी।

आरपीएफ के पास न स्टाफ, न पर्याप्त कैमरे: रेल कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को बताया कि चोरी की घटना के बाद वे आरपीएफ के अधिकारियों से मिले तो उन्हें पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने की नसीहत दी गई। साथ ही कहा गया कि आरपीएफ के पास इतना स्टाफ नहीं है कि वे वाहनों की सुरक्षा कर सके। न ही मुख्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे इस प्रकार के हैं जिनसे वाहन चोरों की पहचान हो सके।