Indian Railways News => Topic started by chotelal on Apr 06, 2013 - 12:00:49 PM


Title - शताब्दी में तत्काल का टिकट हुआ सस्ता
Posted by : chotelal on Apr 06, 2013 - 12:00:49 PM

चंडीगढ़। एक अप्रैल से जहां देश भर में तत्काल में टिकट लेना महंगा हो गया है, वहीं चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच शताब्दी एक्सप्रेस में तत्काल में टिकट लेना सस्ता हो गया है। शताब्दी के बेस फेयर में कमी होने की वजह से रेल यात्रियों को यह राहत मिली है।रेलवे की ओर से एक अप्रैल से शताब्दी के किराए में बेस फेयर, कैटरिंग, रिजर्वेशन और अन्य सभी चार्ज अलग से दिखाए जा रहे हैं। इसके अुनसार, अब चंडीगढ़ से नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस का बेस फेयर 344 है, जबकि पहले यह 459 से 533 रुपये था। पहले बेस फेयर में ही कैटरिंग, सुपरफास्ट और रिजर्वेशन चार्ज शामिल था। तत्काल का किराया बेस फेयर पर निकाला जाता है। बेस फेयर में कमी आने के कारण तत्काल का किराया भी कम हो गया है। एक अप्रैल से रेल में सेकेंड क्लास को छोड़कर बाकी सभी क्लास में तत्काल का किराया बेस फेयर का 30 प्रतिशत होगा, लेकिन इसके लिए न्यूनतम और अधिकतम चार्जेस तय किए हैं। यही राहत अन्य शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस में भी है क्योंकि उनमें भी कुल किराए में से रिजर्वेशन आदि अन्य चार्ज अलग कर दिए गए हैं।
अब तत्काल का किराया इतना होगा
चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच सुबह चलने वाली शताब्दी की एसी चेयर कार में 31 मार्च तक तत्काल में टिकट 620 रुपये का मिलता था। इसमें तत्काल चार्ज के तौर पर 140 रुपये लिए जाते थे। अब सोमवार से तत्काल का टिकट 615 रुपये हो गया है और तत्काल चार्ज के तौर पर 110 रुपये लिए जाते हैं। दोपहर में चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी में एसी चेयरकार में पहले तत्काल में टिकट 660 रुपये का आता था, लेकिन एक अप्रैल से दोपहर की शताब्दी में तत्काल का टिकट 645 रुपये का हो गया है। पहले तत्काल चार्ज 150 रुपये था, जो अब कम होकर 110 रुपये हो गया है। इसी तरह से शाम को चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच जाने वाली शताब्दी में पहले तत्काल का टिकट 710 रुपये का था, जो अब कम होकर 690 रुपये हो गया है। पहले तत्काल चार्ज के तौर पर 155 रुपये लिए जाते थे, लेकिन अब 110 रुपये ही लगेंगे। एक अप्रैल से रिजर्वेशन और सुपरफास्ट चार्ज बढ़ जाने के बावजूद तत्काल में टिकट सस्ता मिल रहा है।
अब यह होंगे तत्काल चार्जेस
न्यूनतम अधिकतम
आरक्षित सेकेंड सिटिंग 10 15
स्लीपर 90 175
एसी चेयर कार 100 200
एसी थ्री टियर 250 350
एसी टू टियर 300 400
एग्जीक्यूटिव 300 400

अगले माह से चंडीगढ़ की शताब्दी वाईफाई!
अगले महीने से चंडीगढ़ और दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस वाईफाई हो जाएगी। इस साल देश में तकरीबन दो दर्जन ट्रेनों को वाईफाई किया जाना है। मंगलवार को दिल्ली में रेलमंत्री पवन कुमार बंसल ने दिल्ली से हावड़ा के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस को पहली वाईफाई ट्रेन बनाकर रवाना किया। उम्मीद है कि चंडीगढ़ से दिल्ली और चंडीगढ़ से लुधियाना की शताब्दी ट्रेनों में एक से डेढ़ माह में यह सुविधा मिल जाएगी। उसके बाद लुधियाना की ट्रेन को वाईफाई किया जाएगा। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि एक साल के भीतर तकरीबन पचास रैक (पच्चीस ट्रेनें) वाईफाई हो जाएंगी।