Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on May 24, 2013 - 09:00:06 AM


Title - शताब्दी समेत कई ट्रेन लेट जनता एक्सप्रेस रद्द हुई
Posted by : ConfirmTicket on May 24, 2013 - 09:00:06 AM

वरिष्ठ संवाददाता, अलीगढ़ : गुरुवार की शाम फिरोजाबाद में ट्रेनों पर पथराव के कारण कई ट्रेन देर से अलीगढ़ पहुंचीं जबकि जनता एक्सप्रेस रद्द कर दी गई। यात्रियों को गाड़ी का घंटों इंतजार करना पड़ा, गर्मी में ये इंतजार और भारी पड़ा।
बताया जाता है कि गुरुवार की शाम फिरोजाबाद में ट्रेनों पर पथराव के बाद लखनऊ, मुगलसराय एवं पटना की ओर से आने वाली ट्रेनों को रोक लिया गया। शताब्दी समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें यहां निर्धारित वक्त पर नहीं आ सकीं। शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ से यहां 7.55 पर पहुंचती है मगर पता चला कि फिरोजाबाद में स्थिति सामान्य होने के बाद ये गाड़ी वहां से रात नौ बजे के बाद रवाना हुई।
पूछताछ काउंटर पर भीड़
शाम सात बजे से लेकर रात दस बजे तक पूछताछ केन्द्र पर भीड़ जमी रहीं। मुसाफिर यही पूछते रहे कि फलां ट्रेन कब आएगी? काउंटर पर बैठे बाबू ने बताया कि शाम से लेकर रात 10 बजे तक ट्रेनों के वक्त में फेरबदल होता रहा। प्लेटफार्म पर लगे डिस्प्ले बोर्ड भी महज शोपीस बने हुए हैं।
मुसाफिर बोले
मुझे शुक्रवार की दोपहर तक जम्मू पहुंचना था। मुरी एक्सप्रेस रात दस बजे तक नहीं आयी। ट्रेन कब आएगी, इसका जबाव नहीं मिला।
-बिजेंद्र सिंह, बीएसएफ जवान
शताब्दी एक्सप्रेस सही वक्त पर मिल जाती है मगर ये भी लेट हो गई। पहले पता होता तो टैक्सी से दिल्ली चला जाता।
-अजय कुमार, मुसाफिर
कोई रेलवेकर्मी यह बताने को तैयार नहीं है कि शताब्दी कब आएगी? शाम सात बजे से दस बजे तक इंतजार किया।
-आफताब खां, मुसाफिर
यदि कोई प्राब्लम है तो डिस्प्ले बोर्ड पर या एनाउंस करना चाहिए। लगता ही नहीं कि हम ए ग्रेड स्टेशन पर खड़े हैं।
-साजिया, मुसाफिर
शताब्दी का इंतजार कर रहे हैं। साथ में बच्चे भी हैं। बच्चे पूछ रहे हैं कि पापा ट्रेन कब आएगी? जब मुझे ही नहीं पता तो इन्हें क्या बताएं?
-मजहर अली, मुसाफिर
इस स्टेशन पर न तो ठंडे पानी की सुविधा है, न बैठने का इंतजाम। ऐसे में इंतजार और मुश्किल है। शताब्दी के यात्रियों के लिए ए श्रेणी का प्रतीक्षालय होना चाहिए।
-नौरीन खां, मुसाफिर
ये गाड़ियां हुईं लेट
शताब्दी -2 घंटा
मुरी -5 घंटा
कालका -4.30 घंटा
लालकिला -3 घंटा
महानंदा -22 घंटा