Indian Railways News => Topic started by railgenie on Jul 05, 2013 - 09:00:15 AM


Title - समर स्पेशल बंद होने पर यात्रियों ने रोकी तीन ट्रेनें, दोबारा चलाने की मांग
Posted by : railgenie on Jul 05, 2013 - 09:00:15 AM

रेलवे द्वारा अम्बाला-सहारनपुर के मध्य समर स्पेशल पैसेंजर बंद किए जाने से गुस्साए सैकड़ों दैनिक यात्रियों ने केसरी स्टेशन पर सुबह जमकर हंगामा किया। करीब सात बजे यात्री पटरियों पर बैठ गए व दो पैसेंजर ट्रेनों के अलावा एक मालगाड़ी को भी रोक लिया। लगभग पौने घंटे तक ट्रैक जाम रहा। हंगामा करने वालों में ज्यादातर स्टूडेंट्स थे। विरोध ज्यादा हुआ तो स्टेशन मास्टर ने उनकी मांगें आला अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।



दैनिक यात्री सुमित, दिनेश, अजय ने बताया कि अम्बाला-सहारनपुर के मध्य यात्रियों की संख्या बढ़ रही है लेकिन रेलवे ट्रेनों के डिब्बे कम कर देती है। उन्होंने बताया कि ८ मई से 30 जून तक रेलवे ने समर स्पेशल चलाई थी। इस ट्रेन में प्रतिदिन हजारों यात्री सफर कर रहे थे। अब रेलवे ने इस ट्रेन को रद्द कर दिया है। केसरी, बराड़ा, तंदवाल, मुस्तफाबाद व अन्य स्टेशनों पर यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने की जगह ही नहीं मिल रही।



गुस्साए यात्री केसरी के रहने वाले दिनेश, अजय, मुकेश, नत्थूराम, रामकरण, रामआसरे, चमनलाल, जगमोहन, परमिंद्र, मनीश, सुमित, मधु, सोनाली, शुभम व प्रियंका आदि ने समर स्पेशल ट्रेन दोबारा चलाने की मांग को लेकर ज्ञापन स्टेशन मास्टर को दिया, लेकिन स्टेशन मास्टर के रूखे रवैये से यात्री पटरियों पर बैठ गए। कई युवा तो ट्रेनों के इंजन पर चढ़ गए। बाद में स्टेशन मास्टर ने बातचीत कर लोगों को समझाया।