Indian Railways News => Topic started by messanger on Jul 09, 2013 - 06:00:32 AM


Title - सीनियर DCM ने खानपान व सफाई ठेकेदार पर ठोका जुर्माना
Posted by : messanger on Jul 09, 2013 - 06:00:32 AM

जबलपुर. जबलपुर मण्डल के वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक राजेश शर्मा ने कटनी स्टेशन के  निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म नं. 5 पर नेस्ले के स्टॉल और आर.डी. शर्मा एण्ड सन्स के स्टॉल सीमा से बाहर रखी सामग्री जैसे कुरकुरे, नमकीन, पानी की बोतलें और अन्य सामग्री जप्त की. इन सामग्रियों से यात्रियों को आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही थी.

वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक द्वारा न केवल इन सामग्रियों को जप्त कर उनकी नीलामी कराई गई बल्कि उन्होंने स्टॉल मालिकों पर 1000 रुपये प्रति स्टॉल का जुर्माना भी लगाया. उन्होंने स्टेशन पर चल रहे सांची पार्लर को 20 रु. की लस्सी को 25 रु. में बेचने के लिए 7 दिनों तक बंद करने के आदेश दिये.

वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक श्री शर्मा ने कटनी स्टेशन के साफ-सफाई ठेकेदार को उनके साफ-सफाई कार्य पर असंतोष जताते हुये 5000 रु. का जुर्माना भी लगाया. इस दौरान उन्होंने सभी स्टॉल मालिकों एवं साफ सफाई ठेकेदार को समझाईश एवं दिशार्निदेश भी दिये.

इसी तारतम्य में उन्होंने जबलपुर स्टेशन पर प्रायोगिक तौर पर वाणिज्य निरीक्षक द्वारा तत्काल टिकिट लेने वाले यात्रियों को फोटो पहचान पत्र दिखाकर टोकन बांटने की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई ताकि केवल जरूरतमंद यात्री को ही इस सुविधा का लाभ मिल सके एवं तत्काल टिकिट की दलाली पर अंकुश लगाया जा सके. इस प्रयोग के तहत केवल उन्ही यात्रियों को टोकन दिया जाता है. जो स्वयं हेतु टिकिट कराने अपना फोटो परिचय पत्र लेकर आये हैं अथवा दूसरों को टिकिट भी कराने आये हों तब भी अपना फोटो परिचय पत्र साथ में लायें हों. रेल प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अनुरोध है जो भी तत्काल टिकिट कराने आते हों चाहे अपनी हो या दूसरों की दोनों अपना स्वयं का फोटो परिचय पत्र साथ रखकर चलें.