Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Mar 27, 2013 - 12:00:41 PM


Title - सुरक्षा में सेंध, टॉय पिस्टल के साथ प्लेटफॉर्म पर पहुंचा संदिग्ध
Posted by : puneetmafia on Mar 27, 2013 - 12:00:41 PM

नई दिल्ली. हैदराबाद में आतंकी हमले और राजधानी में हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकी के पकड़े जाने के बाद राजधानी इन दिनों हाई अलर्ट पर है। ऐसे में इस रिपोर्टर ने यह जानने का प्रयास किया कि वल्र्ड क्लास होने का दावा करने वाला नई दिल्ली रेलवे स्टेशन सुरक्षा के लिहाज से कितना महफूज है।
अपने 105 मिनट के स्टिंग के दौरान उसने पाया कि कोई भी असामाजिक तत्व जीआरपी और आरपीएफ की लापरवाही का फायदा उठाकर मिंटो रोड रेलवे फ्लाईओवर और पार्सल ऑफिस के रास्ते बगैर रोकटोक स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकता है। ऐसे में वह हथियारों के साथ घुसकर मुसाफिरों की सुरक्षा को खतरा पहुंचा सकता है।
यह रिपोर्टर सोमवार सुबह 11.30 बजे टॉय पिस्टल के साथ मिंटो रोड रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़ गया। ट्रैक के रास्ते वह बिना किसी रोक-टोक 11.50 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक तक पहुंच गया। इस दौरानट्रैक पर काम करते रेलवे कर्मचारी भी दिखे लेकिन उन्होंने कुछ भी नहीं पूछा। इसकेबाद वह प्लेटफॉर्म नंबर 11 पर खड़ी 2055 देहरादून नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस में भी गया।
इस दौरान उसे जीआरपी केसिपाही भी दिखे लेकिन उन्होंने भी कुछ नहीं पूछा। इस बीच रिपोर्टर ने प्रमाण के तौर पर ट्रेन के टॉयलेट में टॉय पिस्टल के साथ कुछ फोटो ग्राफ भी किए। इसके बाद वह दोबारा प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गया और वहां बने रेस्ट रूम में घूमा।
वहां से निकलने के बाद वह प्रथम श्रेणी के रेस्ट रूम में भी गया, लेकिन किसी ने उससे कुछभी नहीं पूछा। उसने दोबारा टॉयलेट में जाकर टॉय पिस्टल का फोटोग्राफ लिया। इसके बाद वह पार्सल बुकिंग केंद्र के रास्ते दोपहर 1.15 बजे बिना रोक-टोक के बाहर निकल गया।
इस बाबत जब उत्तर रेलवेके महाप्रबंधक वीके गुप्ता, सीएससी श्रीहर नंदा, डीएससी सीनियर कमांडेंट वीके जोशी से बात की गई तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए सीपीआरओ से बात करने कोकहा। जब मुख्य जनसंपर्क अधिकारी मुख्यालय नीरज शर्मा से बात की गई तो उन्होंने डीआरएम से जानकारी लेने को कहा।
इस बारे में डीआरएम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अगर सुरक्षा में चूक हुई है तो इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर चारों तरफ 152 सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं।
इन की मदद से स्टेशन के प्रवेश द्वारों से लेकर प्लेटफॉर्मों के चप्पे-चप्पे पर 24 घंटे आरपीएफ के तीन जवान कंट्रोल रूम में मॉनिटर पर पैनी निगाह रखते हैं।