Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on May 13, 2013 - 15:00:34 PM


Title - सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा रेलवे
Posted by : nikhilndls on May 13, 2013 - 15:00:34 PM

जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन की दीवार को लेकर रेल प्रशासन गंभीर नहीं है। मार्च माह में वॉशेबल एप्रेन बनाने के लिए तोड़ी गई दीवार काम पूरा होने के एक माह बाद भी नहीं बन पाई है। इसके अलावा प्लेटफार्म भी टूटा होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के साथ टूटी इस दीवार को लांघ कर कोई शरारती तत्व यात्रियों को नुकसान पहुंचा सकता है।
अभी हाल ही में सिटी रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी भी दी गई थी। इसस पहले भी कई बार ऐसी धमकियां आती रही हैं, मगर सुरक्षा को लेकर रेल प्रबंधन इतना लापरवाह है कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। मार्च माह में 39 दिन के लिए दीवार तोड़ी गई थी। काम पूरा हुए एक माह बीत जाने के बाद भी दीवार जोड़ने का काम नहीं किया गया है, जबकि वहीं से तोड़े गए प्लेटफार्म के कारण भी यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिटी रेलवे स्टेशन से रोजाना पौने दो सौ से ज्यादा ट्रेनें संचालित की जाती हैं। जालंधर से अमृतसर, नवांशहर, पठानकोट, जम्मू, नकोदर, फिरोजपुर, होशियारपुर, नवांशहर, जैजों तथा दिल्ली की तरफ ट्रेनें चलती हैं।जहां यह दीवार तोड़ी गई है, वहां से फिरोजपुर, कपूरथला तथा अमृतसर की तरफ ट्रेनों का परिचालन किया जाता है। दीवार टूटने से वहां से गुजरने वाली अति व्यस्त रोड से कोई भी व्यक्ति चलते-चलते कोई आपत्तिजनक वस्तु फेंक जाए इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो हजारों यात्रियों की जिंदगी खतरे में आ सकती है।
इस संबंध में डीआरएम एनसी गोयल का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर काम पूरा हो चुका है तो दीवार को भी जल्द बनाया जाए।